10 से 20 रुपये किलो घटे प्याज के दाम, लेकिन आमजन की खरीद से अब भी बाहर

10 से 20 रुपये किलो घटे प्याज के दाम, लेकिन आमजन की खरीद से अब भी बाहर

भोपाल।शहर में प्याज के दाम 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचे ही भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ लिमिटेड (नाफेड) ने अपना भंडार खोल दिया है।इसका असर थौक और फुटकर प्याज बाजार में दिखने लगा है।प्याज के दाम 10 से 20 रुपये किलो कम तो हो गए हैं, लेकिन अब भी यह आमजन की खरीद से बाहर है।दरअसल नाफेड 25 रुपये प्रति किलो प्याज बेच रहा है। जबकि बाजार में अब भी 40 से 60 रुपये प्रति किलो प्याज के दाम चल रहे हैं।बता दें कि नाफेड द्वारा शहर में चार वाहनों से अलग-अलग क्षेत्रों में प्रति व्यक्ति को दो किलो प्याज बेची जा रही है।यहां से प्याज खरीदने के लिए लोगों की कतारें तक लग रही हैं।


अलग- अलग गुणवत्ता वाली प्याज उपलब्ध

शहर में मंडी के अंदर व्यापारियों के पास अलग-अलग गुणवत्ता वाली प्याज उपलब्ध है। यहां से फुटकर व्यापारी प्याज खरीदकर लाते हैं और फिर अपने हिसाब से दाम लगाकर लोगों को बेच रहे हैं। अभी तक यह अतिनिम्न गुणवत्ता वाली प्याज 30 से 40, निम्न गुणवत्ता वाली 40 से 60 और उच्च गुणवत्ता वाली प्याज 80 रुपये किलो तक बेच रहे थे।इसी बीच जब नाफेड ने प्याज बेचना शुरू किया तो उसके बाद अब व्यापारियों ने 35 से 40 और 60 रुपये किलो तक प्याज बेचना शुरू कर दी है।


करोंद मंडी में प्याज के ट्रक उतारेगा नाफेड

नाफेड के द्वारा अभी वाहनों से प्याज बेची जा रही है, जो कुछ ही स्थानों पर लोगों को मिल पा रही है। बाजार में प्याज के बढ़े हुए दामों को नियंत्रित करने के लिए नाफेड जल्द ही अपने भंडार से प्याज के ट्रक करोंद मंडी में उतारेगा। इससे फुटकर व्यापारियों को कम दाम पर प्याज मिलेगी तो बाजार में बढ़े हुए दाम नियंत्रित हो जाएंगे।

 
Advertisement