भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं व 12वीं परीक्षा के फार्म एक दिन बाद भरने पर 10 हजार रुपये विलंब शुल्क लगेगा। कई संस्थाओं के नियमित विद्यार्थियों के अभी तक शुल्क के साथ फार्म जमा नहीं हुए है। पिछले साल भी कुछ संस्थाओं द्वारा नियत समय तक विद्यार्थियों के फार्म जमा नहीं किए थे। जिसके बाद मंडल ने शासकीय स्कूलों को फार्म भरने में विलंब शुल्क में छूट दी थी।
मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं-बारहवीं परीक्षा के फार्म जमा करने की तिथि 30 सितंबर तक 1200 रुपये नियमित शुल्क के साथ निर्धारित की थी। इसके बाद मंडल ने एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा करने की अनुमति दी। 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दो हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा किए जा सकते है। एक नवंबर से 15 नवंबर तक पांच हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा किए जा रहे हैं। इस तिथि में भी विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म जमा नहीं हुए, तो 16 नवंबर से 30 नवंबर तक 10 हजार रुपये विलंब शुल्क लगेगा। इसके बाद परीक्षा शुरू होने के 10 दिन पहले तक 12 हजार विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा किया जाएगा। माशिमं की ओर से 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव को लेकर परीक्षा केंद्र को फाइनल करने में देरी हो रही है, लेकिन मंडल ने केंद्रों की सूची मंगवा ली है।
सीबीएसई के फार्म जमा करने की तिथि समाप्त
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं व 12वीं के परीक्षा फार्म जमा करने अंतिम तिथि समाप्त हो गई है। अब किसी भी शुल्क के साथ सीबीएसई की परीक्षा में शामिल नहीं हो सकते हैं। अब विलंब शुल्क के साथ माशिमं की 10वीं व 12वीं की परीक्षा में शामिल होने का अवसर देता है।











