भोपाल। प्रदेश में इस वक्त विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। 17 नवंबर को मतदान होगा। इस बार शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा कई प्रयास व नवाचारी प्रयोग किए जा रहे हैं। एक तरफ जहां निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लिए आमंत्रण पत्र जारी किया है, तो वहीं दूसरी तरफ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा कौन बनेगा वोटर नंबर- 01 कार्यक्रम में मतदाताओं से सवाल पूछे जाएंगे। जानकारी के अनुसार कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की तर्ज पर यह कार्यक्रम शुक्रवार को शाम साढ़े पांच बजे एमपी नगर स्थित एक निजी माल में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भोपाल की आम जनता हाट सीट पर बैठेगी।
विजेताओं को मिलेंगे ये पुरस्कार
इस आयोजन में प्रतिभागियों से कलेक्टर द्वारा मतदाता जागरूकता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को सरप्राइज गिफ्ट या गिफ्ट हैंपर के रूप में दीपावली डिस्काउंट कूपन और भाईदूज के दिन का फिल्म टिकट दिया जाएगा।
शादी के कार्ड की तर्ज पर छपवाया चुनाव आमंत्रण पत्र
इधर मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने शादी के कार्ड की तर्ज पर आमंत्रण पत्र मतदाताओं के लिए जारी किया है, जिसमें 17 नवंबर को मतदान करने के लिए मतदाताओं को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। इसमें लोकतंत्र के मंगल उत्सव हेतु भेजे जा रहे इस स्नेह निमंत्रण में बाकायदा मतदान का समय, कार्यक्रम स्थल, स्वागतकर्ता, दर्शनाभिलाषी और निवेदक के अलावा बाल मनुहार करने वालों का भी जिक्र है। शादी कार्ड की तर्ज पर तैयार इस आमंत्रण पत्र को इंटरनेट मीडिया पर भी लोग खूब शेयर कर रहे हैं।











