भोपाल । मानसून सीजन होने की वजह से एयरलाइंस कंपनियों के लिए अमूमन अगस्त, सितंबर माह अच्छे नहीं माने जाते। इन महीनों में हवाई यात्रियों की संख्या कम रहती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं देखा गया। भोपाल से विभिन्न शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। राजा भोज एयरपोर्ट ने एक लाख मासिक संख्या वाले एयरपोर्ट्स की सूची में लगातार पांचवें माह अपना नाम बररकार रखा है।
पिछले माह के मुकाबले विमानों के फेरे बढ़े, यात्री घटे
एयरपोर्ट अथारिटी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सितंबर 2023 में भोपाल से एक लाख आठ हजार 846 यात्रियों ने देश के विभिन्न शहरों तक सफर किया। इस दौरान 1221 विमानों ने फेरे लगाए। पिछले साल सितंबर के मुकाबले यह संख्या अधिक है। सितंबर 2022 में राजा भोज एयरपोर्ट से 84,994 यात्रियों ने सफर किया था, वहीं 1013 विमानों ने फेरे लगाए थे। पिछले माह यानी अगस्त 2023 में एक लाख 12 हजार 814 यात्रियों ने विमान से सफर किया था, वहीं विमान फेरों का आंकड़ा 1121 रहा था।
नई फ्लाइट्स शुरू होने से भी मिली मदद
इंडिगो ने हाल ही में बेंगलुरू तक अतिरिक्त उड़ान शुरू की है। गोवा तक सीधी उड़ान को अपेक्षित यात्री मिल रहे हैं। इस कारण यात्री संख्या का आंकड़ा बढ़ा है। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी का कहना है कि इस साल के बाकी तीन माह में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
माह -- यात्री संख्या -- विमानों के फेरे
मई -- 1,14,322 -- 872
जून -- 1,17,073 -- 886
जुलाई -- 1,09,211 -- 1082
अगस्त -- 1,12,814 -- 1121
सितंबर -- 1,08,846 -- 1221











