भोपाल के मान नर्सिंग कॉलेज में छात्रों के शोषण और अनियमितताओं के खिलाफ एनएसयूआई (NSUI) की शिकायत पर मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने नोटिस जारी किया है। काउंसिल के रजिस्ट्रार केके रावत ने कॉलेज को सात दिन में मामले पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिए हैं।
इधर, एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि नियमानुसार कार्रवाई कर कॉलेज संचालक पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो संगठन नर्सिंग काउंसिल का घेराव करेगा।
अटेंडेंस के नाम पर अवैध वसूली का आरोप एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने 13 मई 2025 को काउंसिल को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया था कि मान नर्सिंग कॉलेज में छात्रों से अटेंडेंस के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। पैसे न देने पर उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने से रोका जाता है। छात्रों ने यह भी बताया कि कॉलेज में पर्याप्त फैकल्टी नहीं है, पढ़ाई का स्तर खराब है और नियमित कक्षाएं नहीं लगतीं। यह आरोप भी है कि निरीक्षण के दौरान छात्रों को ही फर्जी फैकल्टी के रूप में दिखाया जाता है।
25 जून तक का दिया समय नर्सिंग काउंसिल ने कॉलेज को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 18 जून 2025 को 7 दिनों के भीतर पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। रवि परमार ने इसे छात्रहित में लड़ी जा रही लड़ाई बताया है।











