गेम में कोई कैसे कर सकता है धर्मांतरण?
मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि ऑनलाइन गेम में कोई कैसे धर्मांतरण करा सकता है। मौलाना रजा ने ऑनलाइन गेमिंग धर्मांतरण मुद्दे पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि जो ऑनलाइन गेम खेल रहा है, जुआ खेल रहा है। अब वह धर्मांतरण कराएगा। यह काम उलेमा का है। उलेमाओं को लेकर हमलोगों ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है कि जब तक मुसलमान को सही और सच्चा मुसलमान न बना लें, तब तक किसी गैर मुस्लिम को मुसलमान नहीं बनाया जाएगा। प्रेम प्रसंग के मामले में अगर कोई लड़की या लड़का पड़ता है तो भी उसे इस्लाम में दाखिल होने की इजाजत नहीं दी जाएगी।लव जिहाद पर भाजपा को घेरा
मौलाना तौकीर रजा ने लव जिहाद के मुद्दे पर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लव जिहाद जैसी कोई चीज नहीं होती है। यह भाजपा वालों का दिया गया नाम है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इंटररिलिजियस मैरिज के मामलों में भी किसी गैर मुस्लिम को इस्लाम में दाखिल होने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि हम गैर मुस्लिम को कलमा तब पढ़ाएंगे, जब मुसलमानों को सही तरीके से कलमा पढ़ना सिखा दें। उन्होंने कहा कि मुसलमान ऐसे हैं जो नाम के मुसलमान हैं। उनके तौर-तरीके मुसलमानों जैसे नहीं हैं। उन्हें इस्लाम का सही अर्थ समझाने की जरूरत है।मौलाना ने कहा कि आज मुसलमान शराब पी रहा है। जुआ खेल रहा है। बेईमानी कर रहा है। सूदखोरी में लगा हुआ है। इस्लाम में जो हराम है, वह काम कर रहा है। ऐसे में सबसे पहले मुसलमानों को इस्लाम का सही अर्थ समझाने की जरूरत है।
लिव इन रिलेशनशिप पर करारा वार
मौलाना रजा ने लिव इन रिलेशनशिप पर करारा वार किया। हाल के समय में इस प्रकार के मामलों में वृद्धि पर मौलाना तौकीर रजा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप कैसा है। यह तो पूरी तरह से हराम है। किसी कीमत पर इसे कुबूल नहीं किया जा सकता है। न ही इसे हिंदू समाज को कुबूल करना चाहिए, क्योंकि यह हिंदुस्तान की सभ्यता के खिलाफ है। मुसलमानों के खिलाफ नफरत को लेकर भी उनका बयान सामने आया।मौलाना ने कहा कि हमारी करतूत और तरीकों के कारण मुसलमानों के खिलाफ नफरत जैसी स्थिति बनी है। इसमें हम भाजपा या आरएसएस को दोषी नहीं मानते हैं। आम हिंदू को ऐसा दिख रहा है कि हमारे तरीके और करतूत ठीक नहीं हैं। अब उनके बयान पर चर्चा गरमा गई है।











