यशस्वी जायसवाल ही नहीं यह भारतीय खिलाड़ी भी करेगा डेब्यू, पहले टेस्ट में दिखेंगे दो नए चेहरे!

यशस्वी जायसवाल ही नहीं यह भारतीय खिलाड़ी भी करेगा डेब्यू, पहले टेस्ट में दिखेंगे दो नए चेहरे!
रोसेउ (डोमिनिका): भारतीय क्रिकेट टीम 12 जुलाई यानी बुधवार से वेस्टइंडीज (WI vs IND) के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगी। 2 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डोमिनिका के रोलेउ में खेला जाएगा। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी में भारतीय टीम सीरीज के लिए जमकर तैयारी कर रही है। इस सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम भारतीय टीम वेस्टइंडीज गई है। इसमें चार ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका टेस्ट डेब्यू नहीं हुआ है। यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) का पहले टेस्ट में डेब्यू होना पक्का है। वह रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं।

एक और खिलाड़ी करेगा डेब्यू

भारतीय टीम के लिए यशस्वी जायसवाल के अलावा एक और खिलाड़ी डेब्यू करने वाला है। वह खिलाड़ी विकेटकीपर ईशान किशन हैं। ऋषभ पंत के एक्सीडेंट के बाद से केएस भरत टेस्ट में भारत के लिए कीपिंग कर रहे थे। लेकिन अब ईशान किशन को मौका मिलेगा। इसकी वजह है भरत का लगातार फेल होना। उनकी कीपिंग तो अच्छी है लेकिन बल्ले से रन बनाने में लगातार असफल हो रहे हैं।

वार्मअप मैच से हो गया था क्लियर

भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज से पहले आपस में दो दिवसीय अभ्यास मैच खेला था। उसमें प्रमुख गेंदबाज अश्विन इलेवन जबकि प्रमुख बल्लेबाज रोहित इलेवन का हिस्सा थे। उसमें ईशान को अश्विन इलेवन में रखा गया था। यानी वह प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ विकेटकीपिंग कर रहे थे। लेकिन ईशान किशन के साथ एक समस्या है। वह झारखंड के लिए भी रणजी ट्रॉफी में कीपिंग नहीं करते हैं। भारतीय अटैक में रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा जैसे अनुभवी स्पिनर हैं। ऐसे में देखना होगा कि अगर मौका मिलता है तो उनके खिलाफ ईशान कैसी कीपिंग करते हैं।

बल्लेबाजी में हो सकते हैं गेम चेंजर

ईशान किशन बल्लेबाजी में टीम इंडिया के लिए गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। उनकी बैटिंग का तरीका काफी हद तक ऋषभ पंत की तरह ही है। ईशान खुलकर शॉट खेलने में भरोसा रखते हैं। दूसरी तरफ भरत ने 5 टेस्ट में सिर्फ 129 रन ही बनाए हैं। इसी वजह से उनका बाहर बैठना तय है।
Advertisement