बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कार ही नहीं अब बाइक पर देना होगा Toll Tax, यहां जानिए जेब पर कितना पड़ेगा बोझ

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कार ही नहीं अब बाइक पर देना होगा Toll Tax, यहां जानिए जेब पर कितना पड़ेगा बोझ
विशाल वर्मा, जालौन: बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स का उद्घाटन 26 जुलाई को यूपीडा के सीईओ के द्वारा कर दिया गया है। अब इस एक्सप्रेसवे से गुजरने के लिए आपको टोल टैक्स की कीमतें अदा करनी होंगी। हल्के वाहनों से लेकर भारी वाहनों के लिए 600 रुपए से लेकर 3900 रुपए के बीच टोल टैक्स तय किया गया है। इतना ही नहीं अब बाइक से सफर करने वालों को भी 1 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से टोल टैक्स देना होगा।

दरअसल, 296 किमी लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का उद्घाटन 16 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालौन के कैथेरी गांव से किया था। पिछ्ले 1 साल से इस एक्सप्रेस वे पर लोगों ने मुफ्त सफर का आनंद लिया। अब यहां से गुजरने वाले लोगों को टोल टैक्स की तय कीमतें अदा करनी पड़ेगी। अधिकतम दूरी तय करने वाले वाहनों को एक तरफ से 600 रुपए से लेकर 3900 रुपए के बीच में टोल टैक्स देना पड़ेगा। एक्सप्रेसवे पर 6 टोल प्लाजा और 7 रैंप प्लाजा बनाएं गए हैं।

बाइक को 1 रुपए प्रति किमी देना पड़ेगा टोल

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स वसूलने वाली कंपनी इंद्रदीप कंस्ट्रक्शन कंपनी के साथ यूपीडा का करार हुआ है। अब यह कंपनी बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर वाहनों से टोल वसूल करेंगी। 26 जुलाई यानी बुधवार को यूपीडा के सीईओ मनोज कुमार ने फीता काटकर टोल टैक्स प्लाजा का उद्घाटन कर दिया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे टोल की वसूली के लिए 13 प्लाजा बनाए गए हैं, जिसमें से 6 टोल और 7 रैंप प्लाजा हैं। यूपीडा के अधिकारियों की मानें तो यहां से रोजाना 1000 वाहन गुजरते हैं। वहीं, यूपीडा के अधिशासी अभियंता कुमार गौरव के मुताबिक कार को 2.05 और बाइक को 1 रूपए प्रति किमी के हिसाब से टोल टैक्स लिया जाएगा।
Advertisement