भोपाल। जिले में विधानसभा चुनाव के विधायक प्रत्याशियों के नामांकन लेने की तैयारियों को जिला प्रशासन द्वारा लगभग पूरा कर लिया गया है। जिले की दक्षिण-पश्चिम और गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के नामांकन कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम कार्यालय में लिए जाएंगे। इसके अलावा अन्य पांच विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के नामांकन एसडीएम कार्यालयों में आरओ द्वारा लिए जाएंगे।बता दें कि नामांकन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा तय की गई तारीख 21 अक्टूबर यानि कल से शुरू हो जाएगी और 30 अक्टूबर तक जारी रहेगी।इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था तो पुख्ता रहेगी साथ ही नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों को भी नियमों का पालन करना होगा।
एडीएम उत्तर और एडीएम दक्षिण के कार्यालय में लिए जाएंगे नामांकन
कलेक्ट्रेट में स्थित एडीएम उत्तर के कार्यालय में दक्षिण -पश्चिम विधानसभा और एडीएम दक्षिण के कार्यालय में गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के नामांकन लिए जाएंगे। प्रत्याशियों से नामांकन लेने के लिए एक रिटर्निंग अधिकारी और सहायक अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा एसडीएम हुजूर कार्यालय में हुजूर विधानसभा, एसडीएम बैरागढ़ कार्यालय में उत्तर विधानसभा, एसडीएम शहर के कार्यालय में मध्य, बैरसिया एसडीएम के कार्यालय में बैरसिया और गोविंदपुरा एसडीएम कार्यालय मेें नरेला विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के नामांकन लिए जाएंगे।
नामांकन करने प्रत्याशी सहित जा सकेंगे सिर्फ पांच लोग
कलेक्ट्रेट और एसडीएम कार्यालयों में नामांकन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। इसके लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन करने के दौरान प्रत्याशी अपने साथ सिर्फ पांच लोगों को ही ले जा सकेंगे।इन पांच लोगों में प्रत्याशी भी शामिल रहेगा। मतलब उसको छोड़कर सिर्फ चार ही लोग कार्यालय में जा सकेंगे।
ले जा सकेंगे तीन वाहन, खड़े करने होंगे 100 मीटर दूर
नामांकन करने के लिए जाने वाले प्रत्याशी अपने साथ सिर्फ तीन ही वाहन ले जा सकेंगे। कार्यालयों में किसी तरह की भीड़ न हो और हंगामे की स्थिति निर्मित न हो। इस वजह से प्रत्याशियों को अपने वाहन नामांकन कार्यालय से 100 मीटर की दूरी पर ही खड़ा करना होंगे।
डीएसपी स्तर के अधिकार को सुरक्षा का जिम्मा
नामांकन कार्यालयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।यहां पर चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनसे 24 घंटे निगरानी की जाएगी।इसके अलावा सुरक्षा का जिम्मा डीएसपी स्तर के अधिकारी के पास रहेगा।जिनके नेतृत्व में यहां पर निरीक्षक सहित अन्य पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
निर्दलीय प्रत्याशी को बताना होंगे 10 प्रस्तावक
विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय राजनीतिक दल के प्रत्याशी को सिर्फ एक ही प्रस्तावक बताना होगा। जबकि निर्दलीय विधायक प्रत्याशियों को 10 -10 प्रस्तावक बताना हाेंगे। तब ही उनका नामांकन स्वीकार किया जाएगा।जिले की सातों विधानसभा के नामांकन लेने के लिए एक-एक रिटर्निंग अधिकारी और एक -एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहेंगे।
विधानसभा क्षेत्र - नामांकन कार्यालय
दक्षिण -पश्चिम - एडीएम उत्तर कलेक्ट्रेट
गोविंदपुरा - एडीएम दक्षिण कलेक्ट्रेट
हुजूर - एसडीएम हुजूर
उत्तर - एसडीएम बैरागढ़
मध्य - एसडीएम शहर
बैरसिया - एसडीएम बैरसिया
नरेला - एसडीएम गोविंदपुरा
सिर्फ कार्यदिवस में लिए जाएंगे नामांकन
विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशियों के नामांकन लेने की प्रक्रिया चुनाव आयोग के निर्देशानुसार शनिवार 21 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। यह प्रक्रिया 30 अक्टूबर तक जारी रहेगी । नामांकन सिर्फ कार्यदिवस में ही लिए जाएंगे।प्रत्याशी 2 नवंबर को नामांकन वापस ले सकेंगे।नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट सहित एसडीएम कार्यालय में तैयारियां पूरी हो गई हैं।यहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, जिससे अनावश्यक भीड़ न हो।
आशीष सिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी











