'दिन रात पढ़ाई करने के बाद भी रिजल्ट नहीं' पटना में बंद कमरे में लटकी मिली JEE की तैयारी कर रहे छात्र की लाश
Updated on
22 Apr 2026, 02:49 PM
पटना: पापा-मम्मी! दिन रात पढ़ाई करने के बाद भी रिजल्ट नहीं आ पा रहा है। इसलिए हम बाध्य होकर आत्महत्या कर रहे हैं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है... पटना में अपनी जान देने वाले छात्र के सुसाइड नोट में ये बातें लिखी हुई हैं। छात्र JEE की तैयारी कर रहा था। लेकिन रिजल्ट में उसे कामयाबी नहीं मिली। इसके चलते छात्र ने अपने कमरे में पंखे से लटकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी की सूचना मृतक छात्र के परिवार वालों की दी गई है।गया जिले के रहने वाला है छात्र
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्र का पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है, जो गयाजी जिले का रहने वाला है। वो अपने दो चचेरे भाइयों के साथ किराए के रूम में रहकर जेईई की तैयारी कर रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।अपने दो चचेरे भाइयों के साथ रहता था छात्र
पटना पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सूचना मिली थी कि एक छात्र ने खुदकुशी कर ली है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो रूम का दरवाजा बंद था। पूछने पर पता चला कि रूम में तीन लड़के रहते हैं। इसमें मृतक छात्र के दो चचेरे भाई हैं। सभी जेईई की तैयारी करते है। सौरभ अपने चचेरे भाईयों मुकेश कुमार और अक्षय कुमार के साथ ही कोचिंग जाता था।दोनों भाई कोचिंग गए, इधर छात्र ने कर ली खुदकुशी
हर दिन तीनों एक साथ कोचिंग जाया करते थे, लेकिन घटना वाले दिन सौरभ कोचिंग नहीं गया था। उसके दोनों भाई मुकेश और अक्षय कोचिंग गए थे। इसी दौरान सौरभ ने खुदकुशी कर ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस पहुंची तो दरवाजा बंद था। रूम के वेंटिलेटर से अंदर देखा तो पता चला सौरभ ने फांसी लगा ली है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक, छात्र के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस वजह से प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।