इंद्राणी मुखर्जी पर बनी डॉक्यूमेंट्री की रिलीज पर रोक नहीं:CBI की याचिका खारिज, शीना बोरा हत्याकांड की आरोपी है इंद्राणी

इंद्राणी मुखर्जी पर बनी डॉक्यूमेंट्री की रिलीज पर रोक नहीं:CBI की याचिका खारिज, शीना बोरा हत्याकांड की आरोपी है इंद्राणी

अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या की मुख्य आरोपी और INX मीडिया की पूर्व CEO इंद्राणी मुखर्जी पर बनी डॉक्यूमेंट्री 'द इंद्राणी मुखर्जी स्टोरी: द बरीड ट्रुथ' 23 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। इस पर रोक लगाने के लिए CBI ने मुंबई की स्पेशल कोर्ट में 18 फरवरी को याचिका लगाई थी। मंगलवार (20 फरवरी) को कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया है।

कोर्ट में वकील सीजे नानंदोड़े ने कहा कि इसकी रिलीज से केस के विटनेस की सुरक्षा को खतरा है। इसमें केस को लेकर बिना सबूतों के कई दावे किए गए है। इससे डॉक्यूमेंट्री को देखने वाले लोग गुमराह हो सकते हैं। केस के खत्म होने तक इसकी रिलीज पर रोक लगनी चाहिए।

इस पर नेटफ्लिक्स की ओर से पेश हुए वकील अबाद पोंडा ने कहा- डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने के अधिकार सिर्फ हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट को है। स्पेशल जज एसपी नाइक निंबालकर ने नेटफ्लिक्स की दलील को मानते हुए कहा कि हमारे पास अधिकार नहीं है और याचिका खारिज कर दी।

क्या है शीना बोरा हत्याकांड

INX मीडिया की पूर्व CEO इंद्राणी मुखर्जी पर अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या का आरोप है।

शीना बोरा हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने इंद्राणी मुखर्जी के ड्राइवर श्यामवर राय को बंदूक के साथ गिरफ्तार किया। राय ने बताया था कि शीना की हत्या साल 2012 में इंद्राणी मुखर्जी ने एक कार में गला दबाकर की थी।

इंद्राणी के गिरफ्तारी के बाद उनके पूर्व पति संजीव खन्ना को भी बेटी की हत्या में मदद करने और सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

अपने दूसरे पति पीटर मुखर्जी को इंद्राणी ने बताया था कि शीना उसकी बहन है। शीना बोरा और पीटर मुखर्जी के बेटे राहुल मुखर्जी के बीच भी करीबी थी।

शीना के अचानक साल 2012 में गायब हो जाने के बाद राहुल ने उसे तलाशने का काफी प्रयास किया। जब मामला सामने आया तो जांच में पता चला कि इंद्राणी ने मुंबई के बांद्रा में शीना की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को रायगढ़ जिले में दफना दिया।

जांच एजेंसियों का दावा था कि शीना बोरा के अवशेष भी मिले थे। इंद्राणी ने इसे खारिज कर दिया था।

इंद्राणी के बाद CBI ने उनके दूसरे पति पीटर मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया था, जिन्हें 2020 में जमानत मिल गई थी। ट्रायल के दौरान ही इंद्राणी और पीटर ने 17 साल चली अपनी शादी के बाद 2019 में तलाक ले लिया था।

6 तारीखों में खुला शीना की हत्या का राज

24 अप्रैल 2012 को शीना बोरा की रायगढ़ में हुई हत्या। शीना का गला घोंटा गया, फिर उसे पेट्रोल डालकर जला गया। लाश एक सूटकेस में डालकर खोपोली रोड पर फेंक दी गई।

23 मई, 2012 पुलिस को एक सड़ चुकी लाश के अवशेष मिले।

21 अगस्‍त 2015 को श्‍यामवर राय को अवैध असलहों के साथ पकड़ा गया।

22 अगस्त 2015 को राय ने खुलासा किया कि इंद्राणी ने की शीना की हत्या।

25 अगस्‍त 2015 को खार पुलिस ने इंद्राणी को गिरफ्तार किया।

26 अगस्‍त 2015 को पुलिस ने इंद्राणी के पूर्व पति और शीना बोरा मर्डर केस में सह-आरोपी संजीव खन्‍ना को अरेस्‍ट किया।


Advertisement