8 मंत्रियों के साथ नीतीश की शपथ,चिराग-संतोष ने छुए पैर : मुख्यमंत्री बोले-अब कहीं नहीं जाना है

8 मंत्रियों के साथ नीतीश की शपथ,चिराग-संतोष ने छुए पैर : मुख्यमंत्री बोले-अब कहीं नहीं जाना है

नीतीश कुमार ने इस्तीफा देने के छह घंटे बाद रविवार शाम 5 बजे 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष रहे विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। साथ ही 6 मंत्रियों को भी राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के दौरान चिराग पासवान ने नीतीश के पैर छूए। संतोष कुमार सुमन ने भी नीतीश को पैर छूकर प्रणाम किया।

शपथ ग्रहण के बाद सीएम नीतीश ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा। साथ ही कहा कि अब कहीं जाने का कोई सवाल नहीं है। प्रधानमंत्री ने नीतीश को बधाई दी तो नीतीश ने भी उनका आभार जताया।

इधर, नीतीश के शपथ लेने के बाद तेजस्वी ने चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि असली खेला अभी बाकी है। मैं जो कहता हूं वो करता हूं। तेजस्वी ने यहां तक कह दिया कि 2024 तक जदयू खत्म हो जाएगी। नीतीश सुबह 11 बजे इस्तीफा दिया और शाम 5 बजे फिर शपथ ली। 10 बजे सीएम हाउस में बैठक 11 बजे नीतीश का इस्तीफा

रविवार सुबह नीतीश कुमार ने सीएम हाउस में जदयू विधायक दल की बैठक बुलाई। बैठक के 15 मिनट बाद सीएम हाउस के बाहर हलचल तेज हुई। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। नीतीश के लिए राजभवन के ताले खुले और मुख्यमंत्री 11 बजे राजभवन पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा और फिर से सीएम हाउस लौट आए।

इस्तीफा देने के बाद नीतीश ने कहा कि राजद के लोग काम नहीं कर रहे थे। हम काम कर रहे थे। उनके साथ स्थिति और खराब हो रही थी, इसलिए मैंने ये फैसला लिया। सरकार बनाने को लेकर नीतीश ने इंतजार करने को कहा।

साढ़े 10 बजे बीजेपी ऑफिस में हुई मीटिंग

नीतीश के इस्तीफे से ठीक पहले बिहार बीजेपी ऑफिस में विधायकों के साथ मंथन चलता रहा। नीतीश के इस्तीफे के बाद साढ़े 11 बजे बीजेपी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उप नेता चुना गया।

विजय सिन्हा ने बयान दिया कि नीतीश साथ आकर बिहार का विकास चाहते हैं। इसमें हमें कोई परेशानी नहीं।

यहां से तस्वीर साफ होती चली गई। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बिहार का डिप्टी सीएम बनाने की बातें सामने आईं। साफ हुआ कि अब नीतीश बीजेपी के साथ जा रहे हैं।

12 बजे के करीब नीतीश फिर राजभवन पहुंचे

रविवार दोपहर 12 बजे नीतीश एक बार फिर राजभवन पहुंचे और 128 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा। मुख्यमंत्री के साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी सीएम हाउस पहुंचे थे।

शाम 5 बजे नीतीश कुमार ने 8 मंत्रियों के साथ शपथ ली

शाम पांच बजे हुए समारोह में नीतीश के साथ कुल 8 मंत्रियों ने शपथ ली। मंत्रियों में मुख्यमंत्री समेत 2 कुर्मी, 2 भूमिहार, 1-1 राजपूत, दलित, कहार, कोइरी और यादव हैं।

शपथ ग्रहण के बाद नीतीश बोले-जहां थे वहीं फिर आ गए हैं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण के बाद कहा कि हम जहां थे वहीं फिर आ गए हैं और अब इधर-उधर जाने का कोई सवाल नहीं। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि कैबिनेट का विस्तार जल्द होगा। 8 मंत्रियों ने आज शपथ ली है। आज तीनों पार्टियों और निर्दलीय को साथ लाए हैं। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री बनाएंगे।

प्रशांत किशोर बोले- नीतीश की तरह मोदी-शाह भी पलटूमार हैं

राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने नीतीश के NDA में मिलने को लेकर कहा- मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं कि नीतीश किसी भी समय पलट सकते हैं। यह उनकी राजनीति का हिस्सा बन चुका है, लेकिन आज के घटनाक्रम ने बता दिया कि बिहार में सब पलटूमार है। अमित शाह, नरेंद्र मोदी और भाजपा वाले भी नीतीश जितने ही पलटूमार हैं।

सीएम नीतीश ने पीएम मोदी का जताया आभार

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके द्वारा दी गई बधाई एवं शुभकामना के लिए अपनी ओर से और समस्त बिहारवासियों की ओर से आभार प्रकट करता हूं। उनके सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। बिहार में नई सरकार का गठन हो चुका है। जनता मालिक है और उनकी सेवा करना हमारा मूल उद्देश्य है। केंद्र और राज्य में NDA गठबंधन की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिलेगी और राज्यवासियों की बेहतरी होगी।

तेजस्वी यादव बोले-RJD ने ईमानदारी से राजधर्म का पालन किया

तेजस्वी ने कहा है कि नीतीश कुमार पहले भी आदरणीय थे और आगे भी रहेंगे। हम लोगों का मुद्दा था राज्य में बेरोजगारों को रोजगार मिले और लोगों को नौकरी मिले। बिहार में निवेश हो। सभी लोग जानते हैं कि क्रेडिट लेने की बात नीतीश कुमार ने कही है। हमारे 79 विधायक हैं और उनके 45 विधायक हैं। मंत्री हमारा, विभाग हमारा तो हम क्रेडिट क्यों नहीं लें।

यही मुख्यमंत्री जी 2020 के विधानसभा चुनाव में कहते थे, कहां से पैसा आएगा। कहां से नौकरी देंगे। हम सरकार में 9 अगस्त 2022 को शामिल हुए। महागठबंधन की सरकार बनने के बाद 15 अगस्त को मुख्यमंत्री ने ऐलान किया नौकरी और रोजगार देंगे।

यह किसका विजन था? किसकी सोच थी? मुख्यमंत्री कहते थे कि नौकरी देना असंभव है। हालांकि, हमने एक हफ्ते के अंदर नौकरी और रोजगार देने की घोषणा करवा दिया। टूरिज्म डिपार्टमेंट मेरे पास था। आईटी डिपार्टमेंट राजद के पास था। आईटी पॉलिसी के साथ-साथ कई पॉलिसी हम लोगों ने लाया।

नीतीश का वापस आना हर्ष का विषय: नड्‌डा

बीजेपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने कहा कि नीतीश जी का वापस आना हमारे लिए हर्ष का विषय है। डबल इंजन की सरकार से बिहार का विकास होगा। नड्‌डा ने कांग्रेस की यात्रा और इंडी अलायंस को पूरी तरह से फेल बताया।

पीएम मोदी ने दी नीतीश को बधाई

प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि बिहार में बनी एनडीए सरकार राज्य के विकास और यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।

उपेंद्र कुशवाहा बोले- लालू के घर आज चूल्हा नहीं जलेगा

नीतीश के पुराने साथी आरएलजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि लालू के घर में आज चूल्हा नहीं जलेगा। क्या खेला होगा। नीतीश आ गए है, सब ठीक हो जाएगा।

लालू की बेटी ने लिखा- राम नाम सत्य है

नीतीश ने जनवरी 2023 में कहा था- मर जाना कबूल है, भाजपा के साथ जाना कबूल नहीं। इस पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने X पर एक चैनल के वीडियो को टैग करके लिखा- राम नाम सत्य है।

बिहार की जनता के साथ धोखा हुआ- ओवैसी

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पीएम मोदी, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए। नीतीश कुमार को शर्म नहीं आती कि वे फिर पुरानी जगह जाकर बैठ गए। उनकी बात का कोई भरोसा नहीं है। मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं कि सीने में दर्द हो रहा है, क्योंकि वे भी हमारे लोगों को तोड़कर ले गए थे।


Advertisement