'नीतीश-तेजस्वी ने हिंदुओं को बांटने का काम किया' बिहार में जातीय गणना पर भड़के रामभद्राचार्य

'नीतीश-तेजस्वी ने हिंदुओं को बांटने का काम किया' बिहार में जातीय गणना पर भड़के रामभद्राचार्य
बगहा: तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने बिहार में हुई जाति आधारित सर्वेक्षण के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की आलोचना करते हुए तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना कराकर नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने हिंदुओं को बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जो लोग जाति की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें वोट नहीं मिलेगा। देश में वही शासन करेगा जो राम और कृष्ण की बात करते हैं।

लोगों को जाति के आधार पर न बांटें: जगद्गुरु

जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने यह टिप्पणी पश्चिम चंपारण के बगहा में एक 'राम कथा प्रवचन' कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि 'नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने हिंदू समुदाय में विभाजन पैदा करने के लिए बिहार में जाति-आधारित सर्वेक्षण किया। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि लोगों को जाति के आधार पर न बांटें। जाति के आधार पर लोगों को बांटने से वोट नहीं मिलेगा।'

राम-कृष्ण के बारे में बात करने वाले देश पर शासन करेंगे: रामभद्राचार्य

वहीं 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर तुलसी पीठाधीश्वर ने कहा कि 'जनता बहुत समझदार है। अब वोट उसी को मिलेगा, जो जनता के लिए काम करेगा। मेरी बात याद रखें, जो लोग राम और कृष्ण के बारे में बात करते हैं, वे देश पर शासन करेंगे।'

बीते सप्ताह पीएम मोदी ने की थी रामभद्राचार्य से मुलाकात

बता दें, पीएम नरेंद्र मोदी ने चित्रकूट में इसी सप्ताह रामभद्राचार्य जी महाराज से तुलसीपीठ में जाकर मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था। इस दौरान जगद्गुरु ने पीएम को अपने सीने लगाया। फिर उनका हाथ पकड़कर उन्हें मंच तक ले गए थे।

Advertisement