'अवैध मस्जिद और मदरसों पर तत्काल रोक लगाएं नीतीश कुमार', गिरिराज सिंह ने साथ में लालू को भी कोसा

'अवैध मस्जिद और मदरसों पर तत्काल रोक लगाएं नीतीश कुमार', गिरिराज सिंह ने साथ में लालू को भी कोसा
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से सीएम नीतीश कुमार से बड़ी मांग की है। उन्होंने बिहार में अवैध मस्जिद और मदरसों की तेजी से बढ़ रही संख्या को बिहार और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा बताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में अवैध मस्जिद और अवैध मदरसों की बाढ़ हो गई है। बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में तो हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं और इनकी वजह से केवल बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश की आंतरिक सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया है और पीएफआई भी वहां सक्रिय है।

गिरिराज सिंह का नीतीश और लालू पर तीखा हमला

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि बिहार में मुसलमानों की आबादी 18 प्रतिशत है इसलिए इन अवैध मस्जिदों और मदरसों को तत्काल बंद करने के साथ ही वैध मदरसों में भी विज्ञान की पढ़ाई शुरू करवानी चाहिए और प्रगतिशील शिक्षा देनी चाहिए। नीतीश कुमार- लालू यादव गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि दोनों नेताओं को तुष्टिकरण की राजनीति को बंद करके अब बिहार और देश के हित और आंतरिक सुरक्षा के लिए पैदा होने वाले खतरे पर भी विचार करना चाहिए क्योंकि अगर ऐसा नहीं किया तो आने वाले सालों में बिहार के लोगों का धन और धर्म भी खतरे में पड़ जाएगा और इसके लिए दोषी नीतीश कुमार और लालू यादव होंगे। इससे पहले भी गिरिराज सिंह मस्जिदों और मदरसों को लेकर नीतीश कुमार को घेरते रहे हैं।

Advertisement