भोपाल। हवाओं का रुख बदलने से 11 नवंबर से रात के तापमान में गिरावट होने के आसार हैं। दरअसल, हवाओं का रुख लगातार दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना रहने से प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। इससे धूप में चुभन बरकरार है। हालांकि रात के समय तापमान सामान्य के आसपास बना रहने से हल्की ठंड मौजूद है, लेकिन अब मौसम बदलने जा रहा है। 10 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने की संभावना है। उसके बाद हवाओं का रुख बदलकर उत्तरी होने लगेगा।
पचमढ़ी का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, उत्तर भारत की तरफ से सर्द हवाओं के आने से से दिन और रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है। बुधवार को हिल स्टेशन पचमढ़ी का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर प्रदेश में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दमोह में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को प्रदेश में सबसे कम 13.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में रिकार्ड किया गया।
रीवा सहित छह शहरों मलाजखंड, उमरिया, मंडला, छिंदवाड़ा, खरगोन में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इसके अलावा अफगानिस्तान के आसपास भी एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मौजूद है।
हवा का रुख उत्तरी नहीं होने से तापमान में गिरावट नहीं
दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश एवं उससे लगे छत्तीसगढ़ पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि प्रति चक्रवात के असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। हवा का रुख लगातार दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। हवा का रुख उत्तरी नहीं होने से तापमान में गिरावट नहीं हो पा रही है।











