वाराणसी में सुबह में एनआईए की टीम का छापा पड़ा। बीएचयू की छात्रा के आवास सह भगत सिंह छात्र मोर्चा के कार्यालय पर एनआईए की टीम ने छापा मारा। भगत सिंह छात्र मोर्चा की सदस्य और बीएचयू की छात्रा आकांक्षा आनंद से एनआईए की पूछताछ की बात सामने आ रही है। महमनपुरी स्थित कार्यालय में आकांक्षा के साथ-साथ सीमा आजाद, विश्वजीत आजाद और एक अन्य सदस्य की पूछताछ की बात सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि एनआईए इन लोगों को अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, वाराणसी पुलिस ने इस संबंध में अब तक इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं होने की बात कर रही है।
सीमा आजाद के बारे में जानकारी मिल रही है कि वे दस्तक पत्रिका की संपादक हैं। उनके लेखिका, पत्रकार और मानव अधिकार कार्यकर्ता के तौर पर भी जाना जाता है। यूपी के अलावा झारखंड में भी छापेमारी की बात कही जा रही है। सीमा आजाद के पार्टनर वकील विश्वविजय के यहां भी छापेमारी की बात सामने आ रही है। इस मामले को लेकर अब सोशल मीडिया पर माहौल गरमाने लगा है।











