पीएफआई के मास्टर ट्रेनर को NIA और पटना ATS ने दबोचा, जानिए खतरनाक याकूब खान के बारे में
मोतिहारी: बिहार में पीएफआई मॉड्यूल का सबसे खतरनाक वांटेड आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। इस आरोपी का नाम याकूब खान उर्फ सुल्तान उर्फ उस्मान है। ये पीएफआई का मास्टर ट्रेनर था। इसे NIA और पटना ATS ने एक जॉइंट ऑपरेशन कर दबोचा है। इसी का मोतिहारी के चकिया गांधी मैदान में ट्रेनिंग देते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसके चकिया इलाके से ही दबोचा गया है। मोहम्मद याकूब को पीएफआई का मास्टर ट्रेनर इसीलिए कहा जाता है क्योंकि याकूब के जिम्मे ही भटके लोगों को ट्रेनिंग देने का जिम्मा था। इसकी काफी दिनों से तलाश थी।
याकूब ऐसे आया सुर्खियों में
याकूब की गिरफ्तारी की पुष्टि पटना एटीएस ने कर दी है। पटना के फुलवारी टेरर मॉड्यूल सामने आने के बाद चकिया के रहने वाले याकूब का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वो पीएफआई का झंडा लगाकर कुछ युवकों को ट्रेनिंग देता दिखाई दे रहा था। याकूब की तलाश एनआईए, एटीएस, सहित कई जांच एजेंसियां कर रही थीं। लेकिन हर बार वह चकमा देने में कामयाब हो जाता था। लेकिन इस बार किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया।











