नए सिम से कहीं रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा, आ रहे अजीबोगरीब कॉल? ये टेलिकॉम कंपनियों का खेल है
नई दिल्ली: आपको अभी-अभी नया मोबाइल कनेक्शन मिला है और अचानक बैंक रिकवरी एजेंट के कॉल आने शुरू हो जाते हैं। या हो सकता है कि आप अपने नए मोबाइल नंबर को बैंक अकाउंट या UPI से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पता चलता है कि यह नंबर पहले से ही किसी और के अकाउंट के साथ जुड़ा हुआ है। यह इस बात का संकेत है कि आपको टेलिकॉम कंपनी से एक रिसाइकल्ड मोबाइल नंबर मिला होगा, जो कुछ महीने पहले तक किसी अन्य व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया जाता था। अधिकारियों के अनुसार, दूरसंचार कंपनियों द्वारा हर महीने 10 मिलियन से अधिक रिसाइकल्ड मोबाइल नंबर बाजार में डाले जाते हैं। ये वे नंबर हैं जो पहले कुछ लोगों द्वारा उपयोग किए जाते थे। लेकिन जिन्होंने एक खास समय के बाद मोबाइल रिचार्ज या इसका इस्तेमाल करना बंद कर दिया। इन नंबरों को फिर से बाजार में उतार दिया जाता है। नियमों के मुताबिक, टेलिकॉम कंपनियां किसी कस्टमर से मोबाइल नंबर वापस ले सकती हैं अगर वह छह महीने तक इसका इस्तेमाल या रिचार्ज नहीं करता है।











