सिंगारचोली ओवरब्रिज के नीचे बना जोन 20 का नया कार्यालय, विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया लोकार्पण

सिंगारचोली ओवरब्रिज के नीचे बना जोन 20 का नया कार्यालय, विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया लोकार्पण
भोपाल। संत हिरदाराम नगर जोन से अलग होकर बने जोन क्रमांक 20 के नए कार्यालय का निर्माण सिंगारचोली ओवरब्रिज के नीचे खाली जगह पर किया गया है। नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण विधायक रामेश्वर शर्मा ने फीता काटकर एवं शिलापट्टिका का अनावरण कर किया। इस अवसर पर लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों का रक्षाबंधन कार्यक्रम भी हुआ।
जोन क्रमांक 20 का कार्यालय पूर्व में गांधीनगर बस स्टैंड के पास संचालित था। नवीन कार्यालय भवन में जोन अध्यक्ष के अलावा जोनल अधिकारी, सहायक यंत्री (यांत्रिक), सहायक यंत्री (जलकार्य) व सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के कक्ष भी निर्मित किए गए हैं। साथ ही कार्यालय में अन्य स्टाफ तथा आंगतुकों के बैठने के लिए भी व्यवस्था की गई है। कार्यालय भवन के पास पार्क भी विकसित किया जा रहा है। नवीन भवन के लोकार्पण अवसर पर विधायक शर्मा ने जोन अध्यक्ष ज्योति यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व स्टाफ को बधाई दी। साथ ही इस अवसर पर आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों को भी रक्षा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

गांधीनगर के पार्षद को नहीं बुलाया

लोकार्पण कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष ज्योति यादव, जोनल अधिकारी राजभान त्रिपाठी, पार्षद कुसुम चतुर्वेदी के अलावा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राम बंसल, जगदीश यादव, राजू मीणा, पूनम यादव, मंगेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे। जोन 20 में वार्ड एक गांधीनगर भी शामिल है। समारोह में वार्ड पार्षद लक्ष्मण राजपूत शामिल नहीं हुए। राजपूत के अनुसार उन्हें कार्यक्रम की सूचना ही नहीं दी गई थी। कांग्रेस पार्षद राजपूत लंबे समय से नया जोन कार्यालय खोलने की मांग कर रहे थे, पर उन्हें ही कार्यक्रम में नहीं बुलाने पर उन्होंने कहा कि हर मामले में राजनीति करना उचित नहीं है।
Advertisement