भोपाल। कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे में देश में नंबर एक का दर्जा मिलने के बाद भी राजा भोज एयरपोर्ट से केवल दो ही एयरलाइंस कंपनियां उड़ानों का संचालन कर रही हैं। एयरपोर्ट अथारिटी लंबे समय से देश की बाकी एयरलाइंस कंपनियों से बेस स्टेशन बनाने का आग्रह कर रही है पर किसी भी कंपनी ने रूचि नहीं दिखाई है। 29 अक्टूबर से लागू हुए विंटर शेड्यूल में भी भोपाल को कुछ खास नहीं मिला है।
विंटर शेड्यूल में इंडिगो ने अपनी जयपुर एवं प्रयागराज उड़ान के फेरे बढ़ाए हैं। यह दोनों उड़ानें अब सप्ताह के सभी सात दिन संचालित हो रही हैं। दिल्ली रूट पर एक अतिरिक्त उड़ान शुरू की गई है। यह उड़ान सप्ताह में दो दिन बुधवार एवं रविवार को संचालित होगी। माना जा रहा था किविंटर शेड्यूल में पुणे एवं कोलकात्ता उड़ान भी शुरू होगी पर यात्रियों को निराशा हाथ लगी है। लखनऊ, अमृतसर, तिरूपति, शिर्डी एवं सूरत जैसे शहरों तक भी सीधी उड़ान शुरू नहीं हो पा रही है। किसी समय भोपाल से देहरादून तक भी उड़ान मिलती थी पर यह अब बीते दिनों की बात हो चुकी है। जबलपुर, ग्वालियर एवं बिलासपुर रूट पर रीजनल कनेक्टिविटी अभियान के तहत शुरू हुई उड़ानें भी बंद हो चुकी हैं।
छोटी एयरलाइंस आने को तैयार नहीं
भोपाल से इस समय एयर इंडिया एवं इंडिगो की उड़ानों का ही संचालन हो रहा है। कुछ दिन पहले तक फ्लायबिग की उड़ानें भी संचालित हो रही थीं लेकिन कंपनी ने अपना बेस स्टेशन ही बंद कर दिया। इसी के साथ कंपनी की हैदराबाद एवं अहमदाबाद उड़ान बंद हो गई। इसके पहले स्पाइस जेट एवं एलाइंस एयर ने भी बेस स्टेशन बंद कर सभी उड़ानें बंद कर दीं। एयरपोर्ट अथारिटी के तमाम प्रयासों के बावजूद नई कंपनियां भोपाल आने को तैयार नहीं हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी का कहना है किविंटर शेड्यूल के बीच में कुछ नई उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। नई कंपनियों के बेस स्टेशन प्रारंभ कराने को प्रयास भी किए जा रहे हैं।











