यूपी भाजपा के शीर्ष नेता भी सरकारी नौकरी में भाई-भतीजावाद के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाते रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ कई जनसभाओं में इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। वे कहते रहे हैं कि एक परिवार के सदस्य सरकारी नौकरी की वैकेंसी आते ही झोला लेकर निकल जाते हैं। इन तमाम आरोप-प्रत्यारोप के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने भी भाई-भतीजावाद के मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में इस प्रकार की स्थिति खत्म हुई है। प्रतिभाशाली युवाओं को नौकरी का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं को बधाई दी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को ऐसे अवसर प्रदान कर रही है, जिससे वे नौकरी देने वाले बन सकें। युवाओं को मुद्रा योजना का लाभ दिया जा रहा है। इस योजना से करोड़ों युवाओं को लाभ मिला है। आजादी के अमृतकाल में युवाओं को नौकरी के अवसर मिल रहे हैं। हमारा लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है। पूरी दुनिया भारत के साथ कदम मिलाकर चलने को उत्सुक है। उन्होंने कहा कि आज घरों में नल से साफ पानी पहुंच रहा है। हमारी पहचान प्रगतिशील सुधारों से हो रही है।
पीएम मोदी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ें। विश्व को भारत की अर्थव्यवस्था पर भरोसा है। पहले देश के साथ ऐसा भरोसा नहीं था। अब देश की अर्थव्यवस्था आगे जा रही है। बड़े स्तर पर विदेशी निवेश हो रहा है। रोजगार में तेजी से वृद्धि हुई है। पुरानी सरकार की पहचान भ्रष्टाचार से थी। हम ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में छलांग लगा रहे हैं। आज हमारा देश पहले से कहीं अधिक सुरक्षित है। राजनीतिक स्थायित्व ने देश की पहचान बदली है। फैसला लेना हमारी पहचान बनी है।











