नए साल में नगर निगम को मिलेगा नया मुख्यालय

नए साल में नगर निगम को मिलेगा नया मुख्यालय

भोपाल राजधानी में नया वर्ष 2024 शहरवासियों को नई सौगातें देने वाला है। इसमें तुलसी नगर में बन रहे नगर निगम के मुख्यालय के साथ मेट्रो सिटी का दर्जा और इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शामिल है। वहीं अधोसंरचना विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट भी चल रहे हैं, जो शहर की रफ्तार को बढ़ा देंगे।

बता दें कि अभी नगर निगम की अलग-अलग शाखाओं में काम के लिए लोगों को कई कार्यालयाें के चक्कर लगाने पड़ते हैं। वर्तमान में नगर निगम का मुख्यालय गोविंदपुरा स्थित आइएसबीटी में है। जबकि अन्य कार्यालय माता मंदिर, स्मार्ट सिटी गोविंदपुरा और पुराने शहर में है। यदि तुलसी नगर में कार्यालय बन जाएगा, तो शहरवासियों को एक ही छत के नीचे नगर निगम से संबंधित सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।

फिलहाल निगम मुख्यालय भवन का 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है और बचा हुआ काम मार्च 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 40 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें महिलाओं के लिए अलग से शी टायलेट और फीडिंग रुम की सुविधा मिलेगी।

मेट्रो में यात्रा कर सकेंगी शहरवासी

एम्स से सुभाष नगर तक करीब सात किलोमीटर के प्रायोरिटी कारिडोर में मेट्रो का कामर्शियल रन शुरू किया जाएगा। इधर रत्नागिरी तिराहे से भदभदा चौराहे तक मेट्रो की ब्लू लाइन के निर्माण के लिए भी कंपनी ने काम शुरू कर दिया। इसमें 14 किमी एलिवेटेड कारिडोर, 13 मेट्रो स्टेशन, रोलिंग स्टाक समेत अन्य निर्माण कार्यों में 1122 करोड़ रुपए खर्च होंगे। साल 2026 तक ये प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। जबकि एम्स से करोंद तक प्रस्तावित करीब 16 किलोमीटर कॉरिडोर का काम 2027 तक पूरा। इसके बाद शहर के 30 किमी मार्ग में मेट्रो का संचालन किया जाएगा।

Advertisement