रिलायंस की रिटेल यूनिट रिलायंस रिटेल ने हाल ही में Wyzr ब्रांड से एयर कूलर लॉन्च किया है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी टेलीविजन, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर, स्मॉल अप्लायंसेज और एलईडी बल्ब जैसी श्रेणियों में रेंज का विस्तार करने की योजना बना रही है। कंपनी इन प्रॉडक्ट्स को इन-हाउस डिजाइन और डेवलप करना चाहती है क्योंकि वह विदेशी लेबल के दबदबे वाले इस बाजार में एक घरेलू ब्रांड स्थापित करना चाहती है। कंपनी ने पहले प्राइवेट लेबल ब्रांड रीकनेक्ट लॉन्च किया था, जिसमें थर्ड पार्टी द्वारा बनाए गए प्रॉडक्ट थे। रिलायंस रिटेल के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर दिनेश तलुजा ने 22 अप्रैल को आरआईएल की चौथी तिमाही की अर्निंग कॉल के दौरान एनालिस्ट्स को नए ब्रांड लॉन्च के बारे में बताया था। लेकिन इस बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया था।
क्या है योजना
सूत्रों का कहना है कि कंपनी अपने रिलायंस डिजिटल स्टोर्स के साथ-साथ इंडिपेंडेंट डीलरों, रीजनल रिटेल चेन और ऐमजॉन तथा फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए Wyzr के प्रॉडक्ट बेचना चाहती है। इलेक्ट्रॉनिक प्रॉडक्ट के B2B डिस्ट्रीब्यूशन में लगी जियोमार्ट डिजिटल (JMD) Wyzr के प्रॉडक्ट्स को दूसरे स्टोर्स तक ले जाएगी। वित्त वर्ष 2024 में JMD के मर्चेंट बेस में 20% की वृद्धि हुई। Wyzr के उत्पाद एलजी, सैमसंग और वर्लपूल जैसे ब्रांड्स की तुलना में सस्ते होंगे। टीवी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन जैसी कैटगरी में इन कंपनियों का सिक्का चलता है। इसी तरह एसी बाजार में टाटा की कंपनी वोल्टास नंबर वन है लेकिन एलजी और डाइकिन जैसी विदेशी कंपनियां भी उसके बहुत पीछे नहीं हैं।एक सूत्र ने कहा, 'रिलायंस ने पहले ही जियोफोन के साथ बहुराष्ट्रीय कंपनियों के वर्चस्व वाले फीचर फोन बाजार में खलबली मचा दी थी। कंपनी मेक-इन-इंडिया की लहर पर सवार होकर इलेक्ट्रॉनिक्स में भी इसी सफलता को दोहराना चाहती है।' साल 2022 में, रिलायंस ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में विस्तार करने के लिए 1,670 करोड़ रुपये में अमेरिका की कंपनी Sanmina की भारतीय इकाई में 50.1% हिस्सेदारी खरीदी थी। Sanmina का चेन्नई में 100 एकड़ का परिसर है, जहां वह Wyzr उत्पादों के लिए एक प्लांट स्थापित कर सकती है। उन्होंने कहा कि अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। कंपनी की प्राथमिकता अभी उत्पादों को लॉन्च करना है।











