मप्र की प्राची ने देश को पैरा एश‍ियन गेम्‍स में द‍िलाया रजत पदक

मप्र की प्राची ने देश को पैरा एश‍ियन गेम्‍स में द‍िलाया रजत पदक

भोपाल। चीन के हांगझू शहर में चल रहे चौ‍थे पैरा एश‍ियन गेम्‍स में कैनो इवेंट में भारत ने रजत पदक के साथ अपना खाता खोला। भारत के लि‍ए यह पदक भोपाल में अभ्‍यास करने वाली प्रदेश की बेटी प्राची यादव ने जीता है। प्राची इससे पहले टोक्‍यो पैरा ओल‍िंप‍िक में भी देश का प्रत‍िनधि‍त्‍व कर चुकी हैं। प्राची के अलावा मप्र की पूजा ओझा, संगीता राजपूत, रजनी झा, संजीव कोट‍िया व यश कुमार ने भी फाइनल तक दस्‍तक दी। हालांकि ये खिलाड़ी फाइनल इवेंट में मामूली अंतर से पदक जीतने से वंच‍ित रह गए। भारतीय पैरा कैनो टीम ने मुख्‍य कोच मयंक ठाकुर के मार्गदर्शन में भोपाल के छोटे तालाब में प्रश‍िक्षण प्राप्‍त क‍िया है।

इस स्पर्धा में जीता पदक

प्राची यादव ने मह‍िलाओं की वीएल-2 इवेंट के फाइनल में रजत पदक जीता। इसमें उज्‍बेक‍िस्‍तान की इरोडाखोन ने स्‍वर्ण व जापान की साकी कोमास्‍तु ने कांस्‍य पदक जीता। मह‍िलाओं की केएल-1 स्पर्धा के फाइनल में पूजा ओझा को मामूली अंतर से चौथे स्‍थान पर संतोष करना पड़ा। इस इवेंट में चीन की माउसन झी ने स्‍वर्ण, जापान की मोन‍िका सेरयू ने रजत व ईरान की सारा ने कांस्‍य पदक जीता। इसी तरह मह‍िलाओं की वीएल-3 स्पर्धा में भारत की संगीता राजूपत ने चौथा व शबाना ने पांचवां स्‍थान पाया। इसमें स्‍वर्ण उज्‍बेक‍िस्‍तान की शाखजोडा ने, रजत चीन की योंगयुन ने व कांस्‍य पदक कजाख‍िस्‍तान की झेनी ने जीता। पुरुषों के केएल-2 इवेंट में संजीव कोट‍िया ने पांचवां तथा पुरुषों के केएल-1 इवेंट में भारत के यश कुमार ने चौथा स्‍थान पाया।
Advertisement