भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआइ) ने 19वें एशियाई खेलों और एशियन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम घोषित की है। इसमें मप्र राज्य शूटिंग अकादमी के चार निशानेबाज भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। जिसमें शाटगन में मनीषा कीर और प्रीति रजक का चयन किया गया है, जबकि राइफल में ओलंपियन शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और आशी चौकसे भारतीय टीम का हिस्सा बनने में सफल हो सके हैं।
बता दें कि चाइना के हांगझोऊ शहर में 23 सितंबर से आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए एनआरएआइ ने 33 निशोनबाजों को जगह दी है। जबकि कोरिया के चांगवोन शहर में 22 अक्टूबर से दो नवंबर तक होने वाले एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप के लिए 35 निशानेबाजों का चयन हुआ है। आशी चौकसे महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पाजिशन व 50 मीटर राइफल थ्री प्रोन पाजिशन व एयर राइफल स्पर्धा में अपनी दावेदारी पेश करेंगी, जबकि ऐश्वर्य प्रताप पुरुषों के एयर राइफल व 50 मीटर राइफल थ्री प्रोन पाजिशन स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। इसी प्रकार शाटगन की निशानेबाज मनीषा कीर और प्रीति रजक ट्रेप महिला स्पर्धा में अपनी दावेदारी पेश करेंगी।
ऐश्वर्य के पास फिर से कोटा हासिल करने का मौका
अकादमी के निशानेबाजी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर के पास इस बार फिर ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने का मौका है। उनके साथ अकादमी की आशी चौकसे भी मैदान में होंगी। दोनों ही निशानेबाज के पास सुनहरा मौका है। भारत ने पेरिस ओलंपिक के लिए अब तक सात कोटा सुनिश्चित किए हैं। बतादें कि ऐश्वर्य ने रियो ओलंपिक के लिए देश के लिए ओलंपिक कोटा हासिल किया था।











