वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में बुधवार की सुबह बारिश के साथ हुई। यूपी के कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में सुबह से ही तेज बारिश हुई। बिजली की चमकी और हवा चलने के कारण ठंड और अधिक बढ़ गई। मौसम विभाग ने आज यूपी के 12 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है।
वहीं एमपी के भोपाल, सीहोर, इंदौर में हल्की बारिश हुई है, घने बादल छाए हुए हैं और हवा भी चल रही है। इसके कारण ठंड और बढ़ गई है। साथ ही कोहरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन शहरों में बारिश होते रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जनवरी तक मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान में बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 5 जनवरी कोहरा की ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। बुधवार को दिल्ली में पारा 7° सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर में झीलें जम गई हैं।
26 ट्रेनें चल रही हैं लेट
मध्य प्रदेश के भोपाल और यूपी के बहराइच, गोरखपुर में बुधवार सुबह विजिबिलिटी 25 मीटर दर्ज की गई। वहीं, राजस्थान के बीकानेर, अजमेर और जयपुर में विजिबिलिटी 50 मीटर रही।दिल्ली में 26 ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर नहीं चल पाईं हैं।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में सीवियर कोल्ड की चेतावनी
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में सीवियर कोल्ड की चेतावनी जारी की है। साथ ही बताया कि मंगलवार को इन राज्यों में शीतलहर भी चल सकती है।
तापमान की बात करें तों उत्तर भारत के राज्यों में तापमान भी 4º से 9º के बीच बना हुआ है। सबसे कम तापमान राजस्थान के सीकर में 4.5º दर्ज किया गया है।
उधर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पारा माइनस -5º सेल्सियस रहा। श्रीनगर में डल झील समेत कई झीलें जम गईं। कई इलाकों में पानी पाइपों में जम गया है।
अनंतनाग के पहलगाम में टेम्प्रेचर माइनस 2º दर्ज किया गया। नॉर्थ कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी तापमान माइनस 4º से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें
- ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधान रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चैक कर लें।
- हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।











