राजस्थान में मानसून की अगले 24 घंटों में एंट्री, इन जिलों में शुरू होने वाली है बारिश
जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस मौसम से अब जल्द ही राहत मिलने वाली है। लगभग एक हफ्ते की देरी के बाद, दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले 24 से 30 घंटों के भीतर राज्य में प्रवेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 3 जुलाई को मानसून राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में दस्तक दे सकता है।
24 जून तक आ जाना चाहिए था मानसून
आमतौर पर राजस्थान में मानसून की सामान्य तारीख 24 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार यह अपने तय समय से लगभग 8 दिन की देरी से चल रहा है। यदि मौसम विभाग का यह अनुमान सटीक बैठता है, तो पिछले 13 वर्षों में यह केवल तीसरी बार होगा, जब मानसून जुलाई के महीने में राजस्थान में प्रवेश करेगा।मौसम विभाग का क्या है कहना
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल हो चुकी हैं। **2 जुलाई** से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी।
इन संभागों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD जयपुर के अनुसार उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभागों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। 3 जुलाई तक मानसून इन क्षेत्रों में पूरी तरह स्थापित हो जाएगा।
4 और 5 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने 4 और 5 जुलाई 2026 को कोटा और उदयपुर संभागों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 6 जुलाई तक बारिश का यह दौर राज्य के अधिकांश जिलों में फैल जाएगा।
पश्चिमी राजस्थान में चलेगी धूलभरी आंधी
पूर्वी राजस्थान जहां भीगेगा, वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों में 3 से 6 जुलाई के बीच मौसम खराब रहने की आशंका है। इस दौरान इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ *60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं और आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों का हाल और तापमान की स्थिति
बीते दिन बुधवार को कोटा, उदयपुर और भरतपुर के कुछ हिस्सों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में दिनभर की भीषण उमस के बाद दोपहर में हल्की बौछारें (1.3 mm बारिश) पड़ीं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। बुधवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 38.2डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2डिग्री सेल्सियस रहा। वही, 44.2डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद फलोदी में 41.4डिग्री सेल्सियस, और बीकानेर में 41.2डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इस सप्ताह बारिश, राजस्थान में इस बार कम रहेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि हालांकि जुलाई के पहले सप्ताह में राज्यभर में अच्छी बारिश होगी और गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कुल मिलाकर पूरे जुलाई महीने में राजस्थान में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।











