मध्‍य प्रदेश में 5 सितंबर से मानसून के फिर सक्रिय होने के आसार, यहां बारिश संभव

मध्‍य प्रदेश में 5 सितंबर से मानसून के फिर सक्रिय होने के आसार, यहां बारिश संभव

 भोपाल। प्रदेश में मानसून की गतिविधियां थमी हुई हैं। बादल छंट गए हैं। आसमान साफ रहने से धूप के तेवर तीखे होने लगे हैं। अधिकतम तापमान लगातार बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश के 18 शहरों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया। सबसे अधिक 37.4 डिग्री तापमान ग्वालियर में दर्ज किया गया। प्रदेश में अभी तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। प्रदेश के 52 जिलों में से 27 जिलों में सामान्य से 20 से 46 प्रतिशत तक कम वर्षा हुई है। हालांकि, किसानों के लिए राहत भरी खबर भी है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बनने जा रहा है। इससे मंगलवार को कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने और पांच सितंबर से प्रदेश में रुक-रुककर कर वर्षा होने का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।

रुक-रुककर बौछारें पड़ने का सिलसिला एक सप्ताह तक बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। इस वजह से वातावरण से नमी कम होने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि मानसून द्रोणिका का पूर्वी एवं पश्चिमी दोनों छोर हिमालय की तलहटी में पहुंच गए हैं। इस वजह से मानसून ब्रेक की स्थिति बन गई है। इस वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। पांच सितंबर को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू होने की संभावना है।

Advertisement