वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन
सिराज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-0 से जीती गई टेस्ट सीरीज में अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया। अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने हरी पिच का भरपूर फायदा उठाते हुए 7 विकेट झटके, जिसकी मदद से भारत ने पारी और 140 रनों से बड़ी जीत दर्ज की थी। हालांकि, दिल्ली में हुए दूसरे टेस्ट में पिच तेज गेंदबाजों के लिए कम मददगार थी, लेकिन सिराज ने कड़ी मेहनत जारी रखी। उन्होंने पूरी सीरीज में 49 ओवर गेंदबाजी की जो कि जसप्रीत बुमराह के 51.5 ओवरों से थोड़ा ही कम था।ड्रेसिंग रूम में उन्हें यह इम्पैक्ट प्लेयर मेडल विकेटकीपर-बल्लेबाज एन जगदीशन ने दिया। इस सम्मान पर सिराज ने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो यह सीरीज बहुत अच्छी रही... यहां दिल्ली में एक विकेट लेना भी पांच विकेट लेने जैसा महसूस हो रहा था। क्योंकि एक तेज गेंदबाज के तौर पर जब आपको आपकी मेहनत का फल मिलता है, तो आपका आत्मविश्वास बढ़ता है और आप खुश भी होते हैं।'











