राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मोदी का आज राज्यसभा में जवाब : बोले एक प्रोडक्ट की बार-बार लॉन्चिंग में कांग्रेस की दुकान बंद हुई

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मोदी का आज राज्यसभा में जवाब :  बोले एक प्रोडक्ट की बार-बार लॉन्चिंग में कांग्रेस की दुकान बंद हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज 7 फरवरी को राज्यसभा में स्पीच होगी। मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने 5 फरवरी को लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया था।

लोकसभा में मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था। कहा था कि एक ही प्रोडक्ट को कई बार लॉन्च करने के चक्कर में कांग्रेस की दुकान पर ताला लगने की नौबत आ गई है। देश के साथ-साथ कांग्रेस ने भी परिवारवाद का खामियाजा भुगत रही है। ये विपक्ष कई दशक तक सत्ता में बैठा था, वैसे ही इस विपक्ष ने कई दशक तक विपक्ष में बैठने का संकल्प लिया है।

पीएम के लोकसभा में भाषण की 5 खास बातें...

1. देश ने परिवारवाद का खामियाजा उठाया

देश को एक अच्छे और स्वस्थ्य विपक्ष की बहुत जरूरत है। देश ने जितना परिवारवाद का खामियाजा उठाया है, उतना ही खामियाजा कांग्रेस ने भी उठाया है। हालत देखिए खड़गे जी इस सदन से उस सदन में शिफ्ट हो गए। गुलाम नबी जी पार्टी से ही शिफ्ट कर गए। ये सब एक ही प्रोडक्ट को लॉन्च करने के चक्कर में दुकान को ताला लगने की नौबत आ गई।

2. UPA और अपनी सरकार के कामकाज पर
हमारे काम की स्पीड और हमारा हौसला आज दुनिया देख रही है। उत्तर प्रदेश में एक कहावत है- नौ दिन चले अढाई कोस। ये कहावत कांग्रेस को परिभाषित करती है। कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं।

हमने गरीबों के लिए 4 करोड़ घर बनाए। शहरी गरीबों के लिए 80 लाख पक्के मकान बने। कांग्रेस की रफ्तार से ये घर बने होते तो 100 साल लगते इतना काम करने में। 5 पीढ़ियां गुजर जातीं। 10 साल में 40 हजार किलोमीटर रेलवे ट्रैक का इलेक्ट्रीकरण हुआ। कांग्रेस को 80 साल लगते, 4 पीढ़िया गुजर जातीं। 4 करोड़ गैस कनेक्शन दिए। कांग्रेस को 60 साल लगते, 3 पीढ़ियां गुजर जाती।

3. नेहरू और इंदिरा गांधी पर
कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया। वे अपने आपको शासक मानते रहे। 15 अगस्त को लाल किले पर नेहरू ने कहा था- हिंदुस्तान में ज्यादा मेहनत करने की आदत आमतौर पर नहीं है। हम इतना काम नहीं करते जितना जापान, चीन, रूस, अमेरिका वाले करते हैं। यानी नेहरू जी की भारतीयों के प्रति सोच थी कि भारतीय आलसी और कम अकल के हैं।

इंदिरा जी की सोच भी उससे ज्यादा अलग नहीं थी। इंदिरा जी ने लाल किले से 15 अगस्त को कहा था- दुर्भाग्यवश हमारी आदत यह है कि जब कोई शुभ काम पूरा होने को होता है, तो हम आत्म-तृप्त हो जाते हैं, कठिनाई आने पर नाउम्मीद हो जाते हैं। कभी-कभी तो लगता है कि पूरे राष्ट्र ने पराजय भाव को अपना लिया है। आज भी कांग्रेस में वही सोच देखने को मिलती है।

4. जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर
भ्रष्टाचार पर एजेंसिया एक्शन ले रही हैं। उस पर भी गुस्सा। UPA के समय में एजेंसियों का राजनीतिक उपयोग होता था। कांग्रेस के समय ED ने 5 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त की, हमारे समय में एक लाख करोड़ की संपत्ति जब्त की। देश को लूटने नहीं दिया जाएगा।

सभी राजनीतिक दलों को भी सोचने की जरूरत है। आज जिस पर भ्रष्टाचार सिद्ध हो जाता है। चोरी में जेल हो आता है। उनका महिमा-मंडन किया जा रहा है। आपकी ऐसी कौन सी मजबूरी है। मेरी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना पड़ेगा।

5. नए गठबंधन I.N.D.I.A पर
मोदी ने इशारों-इशारों में राहुल गांधी के बहाने 28 दलों के विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A पर भी तंज किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस के लोगों ने नया-नया मोटर मैकेनिक का काम सीखा है, इसलिए अलाइन्मेंट क्या होता है, इसका ज्ञान तो हो गया होगा, लेकिन अलायंस का अलाइन्मेंट बिगड़ गया। मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर कहा- कुछ दिन पहले भानुमती का कुनबा जोड़ा, लेकिन फिर एकला चलो रे।

PM मोदी ने कहा- हम लोकसभा में 370 सीटें जीतेंगे:अधीर रंजन ने पूछा- उन्हें कैसे पता, क्या इसका राज EVM में छुपा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (5 फरवरी) को संसद में कहा था- 'देश का माहौल बता रहा है कि अबकी बार 400 पार। अकेले भाजपा 370 सीटें जीतेगी। अब तो ये बात देश ही नहीं, खड़गे जी भी बोल रहे हैं।' PM लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। अपनी 100 मिनट की स्पीच में PM ने कांग्रेस, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, रोजगार, महंगाई, राम मंदिर पर बात की।

PM के इस दावे पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने सवाल उठाए हैं। अधीर ने मंगलवार (6 फरवरी) को संसद की कार्यवाही से पहले पूछा- चुनाव के पहले मोदी जी को कैसे पता लगता है कि 370 सीट आएंगी। अगर कोई दावे के साथ यह कह रहा है इसका मतलब अंदर कोई राज है, जो EVM में भी छिपा है। 


Advertisement