वाइब्रेंट गुजरात पर 20 रुपए का सिक्का जारी करेंगे मोदी सिक्के पर ‘विकसित भारत के लिए अग्रसर गुजरात’ लिखा होगा

वाइब्रेंट गुजरात पर 20 रुपए का सिक्का जारी करेंगे मोदी सिक्के पर ‘विकसित भारत के लिए अग्रसर गुजरात’ लिखा होगा

2047 में विकसित भारत के लक्ष्य के साथ गेटवे टू द फ्यूचर थीम पर 10 जनवरी से गांधीनगर में वाइब्रेंट गुजरात समिट शुरू हो रही है। वाइब्रेंट गुजरात के 20 साल पूरे होने पर केंद्र सरकार 20 रुपए का सिक्का भी जारी करेगी। सिक्का पीएम मोदी लांच करेंगे। इस सिक्के पर ‘विकसित भारत के लिए अग्रसर गुजरात’ लिखा होगा।

14 देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे
समिट में 4 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 18 देशों के गवर्नर व मंत्री, 14 देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। ये 4 राष्ट्राध्यक्ष यूएई, मोजाम्बिक, चेक गणराज्य और ईस्ट तिमोर के हैं। पीएम मोदी समिट का उद्घाटन करेंगे। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह 12 जनवरी को कार्यक्रम का समापन करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, चेक गणराज्य के पीएम पेट्र फियाला मुख्य अतिथि हो सकते हैं, जबकि यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रधानमंत्री मोदी रोड शो कर सकते हैं।

डाक टिकट भी जारी होगा
स्मारक के तौर पर जारी होने वाले इस 35 ग्राम के सिक्के में 50% चांदी, 40% तांबा, 5% निकल और 5% जिंक होगा। सिक्के के फ्रंट साइड पर अशोक चिह्न, सत्यमेव जयते, रुपए का चिह्न और भारत और बैक साइड में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 का लोगो होगा। इसके साथ 20 रुपए का डाक टिकट भी जारी होगा।

GIFT में गूगल, आईबीएम, एमेजॉन से मोदी चर्चा करेंगे
GIFT सिटी में 10 जनवरी को ग्लोबल फिनटेक लीडरशिप फोरम कार्यक्रम होगा। पीएम मोदी ग्लोबल फिनटेक कंपनियों के लीडर्स के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान गूगल, आईबीएम, एक्सेंचर, कैपजेमिनाय, एनवाईएस ग्रुप, एमेजॉन पे, एनएएसडीएक्यू, स्टोनेक्श, वेल्स फार्गो, एसएंडपी सहित कई कंपनियां रहेंगी।

इन देशों से पहुंचेंगे दिग्गज कारोबारी
गुजरात सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक, भारत के कारोबारियों के अलावा ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, चेक गणराज्य, मिस्र, एस्टोनिया, फिनलैंड, जर्मनी, इंडोनेशिया, जापान, केन्या, नीदरलैंड, मलेशिया, माल्टा, मोरक्को, नेपाल, नॉर्वे, पोलैंड, वियतनाम, कोरिया गणराज्य, रवांडा, सिंगापुर, थाईलैंड, उरुग्वे, घाना, तंजानिया और मोजाम्बिक से दिग्गज कारोबारी समिट में शामिल होने के लिए सहमत हुए हैं।


Advertisement