भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता रामेश्वर शर्मा ने गुरुवार को प्रदेश मीडिया सेंटर में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी इजराइल पर हमला करने वाले हमास आतंकियों की क्रूरता और बर्बरता पर चुप्पी साध कर उनका परोक्ष समर्थन कर रही है, दूसरी तरफ सरकार जब प्रतिबंधित संगठन पीएफआइ के आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करती है तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पेट में दर्द होने लगता है।
मध्य प्रदेश में भी जहर घोलना चाहती है कांग्रेस
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के बयान और उसके दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं की प्रतिक्रिया देखकर लगता है कि पूरी पार्टी ही आतंकवाद की प्रवक्ता और इस्लामिक कट्टरता की पैरोकार बन गई है। कांग्रेस आतंकवाद का समर्थन करके मध्य प्रदेश में भी जहर घोलना चाहती है। हम कांग्रेस नेतृत्व से मांग करते हैं कि दिग्विजय सिंह को तत्काल पार्टी से बाहर करें, देश और प्रदेश की जनता से माफी मांगें।
PFI पर एक्शन से दिग्विजय सिंह को टेंशन
रामेश्वर शर्मा ने x पर लिखा कि कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के PFI मामले में दिए बयान पर निगाह डालने पर समझ में आता है कि दिग्विजय सिंह सहित पूरी कांग्रेस आतंकवाद का प्रवक्ता बन गई हैं। PFI पर होने वाले 'एक्शन' से 'टेंशन' में आने वाले दिग्विजय सिंह का पीएफआई से क्या 'कनेक्शन' है? कांग्रेस और दिग्विजय सिंह जैसे लोग हिन्दू, हिन्दुस्तान और हिन्दुस्तान की सेना के समर्थन में कभी खड़े नहीं होते, आतंकवाद और इस्लामिक कट्टरता के पक्ष में सदैव खड़े मिलते हैं!











