भोपाल । गौतम नगर इलाके में रहने वाले एक परिवार के साथ आधी रात को बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए बाहर निकलने को बोला। परिवार ने जब गेट नहीं खोला तो बदमाशों ने बाहर खड़ी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गौतम नगर थाना पुलिस के मुताबिक 24 वर्षीय सोहेल अहमद जेपी नगर में रहता है। वह लेथ मशीन के कारखाने में काम करता है। सोहेल ने पुलिस को बताया कि करीब तीन दिन पहले सलमान नामक युवक ने उसे फोन करके बताया कि तुम्हारे भाई ने हमारे भाई के साथ मारपीट की है। इसलिए उसे जान से खत्म कर दूंगा। हालांकि एक शादी के कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण सोहेल ने उसकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया। बुधवार की रात करीब साढ़े बारह बजे सोहेल काजीकैंप से अपने घर पहुंचा। कुछ देर बाद सलमान अपने साथियों को लेकर उसके घर के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए बाहर निकलने को बोलने लगा। उस वक्त परिवार के लोग घर के अंदर ही थे। उन्हें बाहर फटाके जैसी आवाज भी आ रही थी। डर के कारण सोहेल ने पुलिस को फोन किया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची तो बदमाश वहां से जा चुके थे।
परिवार बाहर निकला तो पता चला कि बदमाशों ने बाहर खड़ी बाइक में तोड़फोड़ की है। पुलिस ने सलमान और उसके साथियों के खिलाफ गाली-गलौज करने, धमकी देने और तोड़फोड़ का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि सलमान पिछले दिनों बाणगंगा चौराहे पर हुई गैंगवार के दौरान शाहिद राजा नाम के बदमाश पर हुए जानलेवा हमले का बदल लेने सोहेल के घर पहुंचा था। गैंगवार के बाद फरार बदमाशों को पुलिस अभी तक तलाश नहीं कर सकी है।











