भोपाल। अशोका गार्डन के जेके रोड स्थित राजौरिया रेस्टोरेंट में देर रात बदमाशों ने लाठी-डंडों से तोडफ़ोड़ कर दी। बाद में कर्मचारियों को धमकी देकर वे भाग निकले। उनकी यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। होटल मालिक की शिकायत पर अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गाली-गलौच, धमकी और तोड़फोड़ का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
कर्मचारियों ने दी मालिक को सूचना
पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय प्रतीक राजौरिया चाणक्यपुरी मिनाल रेसीडेंसी के पास रहते हैं। वह डीके राजौरिया नाम से मिनाल गेट जेके रोड पर होटल संचालित करते हैं। होटल की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में होटल का स्टाफ रहता है। बुधवार को रात में होटल बंद करने के बाद प्रतीक अपने घर चले गए थे। बुधवार देर रात करीब पौने दो बजे स्टाफ ने फोन कर प्रतीक को बताया कि अपनी होटल के नीचे कुछ लड़के आए हैं, जिनके हाथों में डंडे हैं। वे गाली-गलौज कर होटल में रखे सामान को तोड़फोड़ कर रहे हैं।
पुलिस के पहुंचने तक भाग चुके थे बदमाश
प्रतीक ने तुरंत अपने मोबाइल से होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो कुछ लड़के दिखे। इनमें से एक लड़के गोविंद शाह को प्रतीक जानता था। गोविंद और उसके साथियों ने होटल में रखा काउंटर फेंक दिया। दो फ्रिज के कांच फोड़ दिए। हेलोजन लाइट समेत अन्य सामान फोड़ दिया। यह देखकर प्रतीक ने तुरंत डायल-100 पर सूचना दी। जब तक डायल-100 मौके पर पहुंची, तब तक आरोपित भाग चुके थे। प्रतीक की रिपोर्ट पर पुलिस ने गोविंद शाह समेत उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।











