झूठी गारंटी दो, सत्ता लो यह कौन सा माडल
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में भी कांग्रेस ने गारंटी दी थी, वहां क्या हाल हुआ। 1500 रुपये हर महिला के खाते में डालेंगे पर सरकार को 10 महीने हो गए एक रुपये महिला के खाते में नहीं डाला। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि यह कौन सा माडल है, झूठी गारंटी दो, सत्ता लो और बाद में गारंटी पूरी मत करो, विकास भी रोक दो। राहुल गांधी का माडल फेल हो चुका है।
चीन की धरती पर खिलाड़ी तिरंगा का जलवा
कटनी में एक कार्यक्रम में शामिल हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में अच्छी शिक्षा के लिए छात्रों को दूसरे प्रदेशों में जाना पड़ता था। आज प्रदेश विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा है। सरकार की सोच ईमानदार है और काम दमदार है। उन्होंने कहा कि आज चांद पर तिरंगे की शान बढ़ी है तो एशियाई खेलों में चीन की धरती पर खिलाड़ी तिरंगा का जलवा दिखाते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहे हैं।
आज का और आज से 20 वर्ष के पहले के मध्य प्रदेश
अनुराग ठाकुर ने रीवा में कहा कि आज का मध्य प्रदेश और आज से 20 वर्ष के पहले के मध्य प्रदेश में जमीन-आसमान का अंतर है। आज प्रदेश जहां 'बीमारू' राज्य से एक बहु विकसित राज्य की परिभाषा को साकार करते हुए नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं 20 साल पूर्व अंधेर नगरी, चौपट राजा, जिनके लिए लोग दिग्गी राजा शब्द का इस्तेमाल करते हैं, उनका मनमाना राज चलता था।
सरकार की सोच ईमानदार, काम दमदार
अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक समय था, जब मध्य प्रदेश में न सड़कें थीं, न इंफ्रास्ट्रक्चर था, न गरीबों के लिए कोई योजनाएं थीं, न हमारी माता-बहनों के लिए कोई योजना थी। जब से मध्य प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनी है, प्रत्येक व्यक्ति के जन्म से लेकर मृत्यु तक हर प्रकार की योजना चालू कर उनके जीवन को व्यवस्थित व सुलभ बनाने का कार्य किया है।











