लेह-श्रीनगर में माइनस में पारा, दिल्ली में 30 फ्लाइट रद्द MP में 18 जनवरी से बाद ठंड बढ़ेगी

लेह-श्रीनगर में माइनस में पारा, दिल्ली में 30 फ्लाइट रद्द MP में 18 जनवरी से बाद ठंड बढ़ेगी

मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत, उत्तर भारत और पूर्वोतर भारत के 18 राज्यों में मंगलवार (16 जनवरी) की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में कोहरे का रेड अलर्ट है। दिल्ली में जीरो विजिबिलिटी के कारण हवाई और रेल यात्रा पर काफी असर पड़ रहा है।

आज दिल्ली में 30 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। 100 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हैं। कई फ्लाइटों को जयपुर, मुंबई डाइवर्ट किया गया। इसी देरी के चलते सोमवार (15 जनवरी) को इंडिगो की फ्लाइट में विवाद भी देखने को मिला था। आज दिल्ली पहुंचने वाली 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।

उधर, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा में कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश समेत नॉर्थईस्ट के राज्यों में भी आज बिजली कड़कने के साथ बारिश का अनुमान है और तापमान में गिरावट हो सकती है।

लेह में -9°C तो श्रीनगर में -5 °C पर पहुंचा पारा
दिल्ली के सफदरजंग इलाके में आज सुबह तापमान 3.5°C दर्ज किया गया। भारी बर्फबारी के चलते जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख सहित पहाड़ी राज्यों में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। लेह में पारा -9°C, श्रीनगर में -5 °C, मनाली 2°C, शिमला 5°C, माउंट आबू 6°C, उत्तरकाशी 2°C, देहरादून 3°C, नैनीताल 4°C दर्ज किया गया। पहाड़ों पर आज भी बर्फबारी होने का अनुमान है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें

  • ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
  • हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।

Advertisement