बिकरू कांड में जिस मनु पांडेय के कई ऑडियो हुए थे वायरल, ढाई साल बाद एंटी डकैती कोर्ट में किया सरेंडर
कानपुर: यूपी के कानपुर में पांच साल पहले हुए बिकरू कांड की यादें आज भी लोगों के जहन में ताजा हैं। बिकरू कांड से जुड़े कई सनसनीखेज ऑडियो वायरल हुए थे। ये ऑडियो मनु पांडेय के हैं जिसको पुलिस ने पहले सरकारी गवाह बनाया। फिर तीन साल बाद आरोपी बना दिया। मनु विकास दुबे के मामा प्रेम प्रकाश पांडेय के बेटे शशिकांत की पत्नी है। मनु पांडेय ने शुक्रवार को एंटी डकैती कोर्ट में सरेंडर कर दिया। मनु के फरार होने की वजह से पुलिस कुर्की की कार्रवाई कर चुकी हैकुख्यात अपराधी विकास दुबे ने 2 जुलाई, 2020 की रात अपने गुर्गों के साथ मिलकर सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी थी। बिकरू कांड के बाद यूपी एसटीएफ ने विकास दुबे समेत 6 बदमाशों को एनकांउटर में मार गिराया था। इस मामले में 36 आरोपी जेल में बंद हैं। बिकरू कांड के बाद पुलिस प्रशासन ने विकास दुबे की कोठी पर बुलडोजर चला कर खंडहर में तब्दील कर दिया था। इसके साथ ही उसकी लग्जरी गाड़ियो और ट्रैक्टर को भी बर्बाद कर दिया गया था। मनु पांडेय के घर के आंगन में सीओ देवेंद्र मिश्रा की हत्या की गई थी। वहीं, बरामदे में दो सिपाहियों की लाशें मिली थीं।











