ममता बोलीं- बेइज्जती के बाद भी I.N.D.I.A मीटिंग में गई लेफ्ट गठबंधन के एजेंडे को कंट्रोल करे यह मंजूर नहीं

ममता बोलीं- बेइज्जती के बाद भी I.N.D.I.A मीटिंग में गई लेफ्ट गठबंधन के एजेंडे को कंट्रोल करे यह मंजूर नहीं

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा है कि लेफ्ट पार्टियां I.N.D.I.A के एजेंडे को कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं यह स्वीकार नहीं करूंगी। ममता सोमवार को काेलकाता में आयोजित सर्वधर्म सद्भाव रैली में बोल रही थीं।

ममता ने कहा कि मैं उन लोगों से सहमत नहीं हो सकती, जिनके साथ मैंने 34 साल तक संघर्ष किया है। इतने अपमान के बावजूद मैंने I.N.D.I.A की मीटिंग में हिस्सा लिया। यह बात कोलकाता में ममता ने सर्वधर्म सद्भाव रैली में कही, जिसमें सभी धर्म के लोग शामिल हुए थे।

I.N.D.I.A गठबंधन में सीटों पर चल रही खींचतान के बीच ममता ने ये भी कहा कि कांग्रेस पार्टी कुछ खास इलाकों को क्षेत्रीय पार्टियों के लिए छोड़ देना चाहिए। कांग्रेस चाहे तो 300 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ ले। मैं उनकी मदद करूंगी। हम उन सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। लेकिन, वो जो खुद चाहते हैं उस पर अड़े हुए हैं।

कांग्रेस का नाम लिए बिना ममता ने साधा निशाना
ममता ने कहा है कि TMC के पास BJP से चुनाव में मुकाबला करने की ताकत भी है और जनाधार भी है। उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा, लेकिन कुछ लोग सीट शेयरिंग पर हमारी बात सुनना नहीं चाहते हैं।

अगर आप (कांग्रेस) BJP से नहीं लड़ना चाहते हैं, तो मत लड़ो। कम से कम हमें (TMC) को सीट दे दो। सीट शेयरिंग में देरी के लिए भी कांग्रेस को ही जिम्मेदार बताया। तीन दिन पहले भी ममता ने कहा था कि सीट शेयरिंग में TMC को तवज्जो नहीं मिली तो TMC प्रदेश की सभी 42 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।

राहुल को लेकर कहा- मंदिर जाना ही पर्याप्त नहीं
असम में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान में प्रवेश करने से राहुल गांधी को रोके जाने पर ममता ने कहा कि केवल मंदिर जाना ही पर्याप्त नहीं है। कितने नेता हैं जो BJP से सीधी टक्कर लेते हैं। कोई अगर एक मंदिर जाकर सोचे की यह काफी है जो ऐसा नहीं है। मैं अकेली हूं जो मंदिर, चर्च, गुरुद्वारा और मस्जिद गई हूं। मैं लंबे समय से लड़ रही हूं। जब बाबरी मस्जिद विध्वंस हुआ और हिंसा हो रही थी उस वक्त मैं सड़कों पर थी।

कांग्रेस को 2 सीटें देना चाहती है TMC
विपक्ष के महागठबंधन I.N.D.I.A में शामिल 28 पार्टियों में TMC, CPI (M) के नेतृत्व वाली लेफ्ट पार्टियां और कांग्रेस शामिल है। पश्चिम बंगाल में BJP के खिलाफ TMC, CPI (M) के नेतृत्व वाली लेफ्ट पार्टियां और कांग्रेस एकजुट हैं, लेकिन इनके बीच लोकसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग पर अभी तक बात नहीं बनी है।

TMC ने कांग्रेस को दो सीटें देने की बात कही है, जिन पर पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग कर रही है और TMC की पेशकश को गलत बता रही है। अधीर रंजन चौधरी कह चुके हैं कि कांग्रेस पार्टी TMC से सीटों की भीख नहीं मांगेगी।


Advertisement