महासमुंद। महासमुंद जिले में हुए गंभीर आपराधिक मामलों को लेकर वार्षिक आंकड़ा पेश किया है। जिले में पिछले दो सालों की तुलना में इस साल अपराधों में कमी के साथ गिरफ्तारी और सामानों की बरामदगी पुलिस ने ज्यादा की है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि साल 2023 में पुलिस ने सर्वाधिक 68 टन गांजा जब्त कर गांजा तस्करी में पकड़े गए 191 आरोपियों को जेल भेजा है। इसके अलावा सिरप, प्रतिबंधित इंजेक्शन, टेबलेट और अफीम भी पकड़ा है। जब्त गांजा और नशीली दवाओं की कीमत 17 करोड़ रुपये की है। साथ ही साढ़े 3 करोड़ के वाहनों को सीज किए गए हैं।
वहीं साल के अंत में 29 दिसंबर तक जिले में अवैध शराब का परिवहन और भंडारण के 1365 केस दर्ज किए गए। अंग्रेजी और देसी के साढ़े 56 लाख रुपये का 13 हजार लीटर शराब जब्त कर 1412 लोगों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया गया। छत्तीसगढ़ विधानसभा आम चुनाव के दौरान जिले में आचार संहिता लागू होने के बाद से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 48 लाख 45 हजार 115 रुपये नगदी सहित सोना, चांदी कुल 7 करोड़ 37 लाख 51 हजार 524 जब्ती की कार्रवाई की है। इस साल 2023 में महासमुंद जिले में के विभिन्न थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में पिछले दो साल की तुलना में अधिक मौतें हुई है। एक जनवरी 2023 से 30 दिसंबर 2023 तक जिले में 482 सड़क हादसा हुआ है। इन हादसों में 293 लोगों ने अपनी जान गंवाई है, और 407 लोग जख्मी हुए। जबकि 2021 में 471 सड़क दुघर्टना हुई, इनमें 261 लोगों ने दम तोड़ दिया और 381 लोग घायल हुए। वहीं साल 2022 में 457 सड़क दुघर्टना में 274 लोगों को जान गंवानी पड़ी, तो वहीं 350 लोग चोटिल हुए।











