दरअसल, नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर लखनऊ नगर निगम शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चला रहा है। शुक्रवार को नगर निगम के अधिकारियों ने अलग-अलग जोनों में विशेष अभियान के तहत गंदगी फैलाने वालों, अतिक्रमण करने वालों और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी परिसर में गंदगी फैलाने पर 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को सुधारने और नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसी तरह मड़ियांव क्षेत्र में आईआईएम तिराहा और महर्षि यूनिवर्सिटी मार्ग तक अभियान चलाया गया। इस दौरान गंदगी फैलाने और पॉलीथीन के इस्तेमाल पर 32 चालान किए। साथ ही 20,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला है। निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग न करें। खजान मार्केट, आशियाना और एसजीपीजीआई क्षेत्र में गंदगी फैलाने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक उपयोग पर 9,000 रुपए का चालान किया गया है। वहीं जोन 2 में गंदगी फैलाने पर 26 लोगों से कुल 23,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। जोन 6 में गंदगी फैलाने पर 5,700 और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर 7,000 रुपए का चालान किया गया है।











