चीन की आर्थिक स्थिति का अंदाजा इस एक घटना से लगाया जा सकता है। ली जियाकी चीन से सबसे पॉपुलर इंटरनेट सेलिब्रिटीज में से एक है। Taobao के लाइवस्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर 7.6 करोड़ फॉलोअर्स हैं। एक बार उन्होंने अलीबाबा कि फाउंडर जैक मा के खिलाफ सेल्स कंप्टीशन में पांच मिनट में 15,000 लिपस्टिक्स बेच दिए थे। इसके बाद वह चीन के लिपस्टिक किंग के रूप में मशहूर हो गए। 31 साल के जियाकी रविवार को एक कमेंट के कारण विवादों में आ गए। जियाकी जब लाइवस्ट्रीम में एक आईब्रो पेंसिल बेच रहे थे तो एक दर्शक ने इसे काफी महंगा बताया।
क्या है मामला
चीन के घरेलू ब्रांड Florasis की इस आईब्रो पेंसिल की कीमत 79 युआन यानी करीब 10.80 डॉलर है। एक दर्शक ने कहा कि यह काफी महंगी है। इस पर जियाकी ने कहा, 'महंगी! इसकी कीमत कई साल से यही है। ऐसी बकवास मत करिए। घरेलू ब्रांड्स के लिए अपना अस्तित्व बचाए रखना मुश्किल है। कभी-कभी आपको अपने गिरेबान में भी झांककर देखना चाहिए कि कई साल बाद भी आपकी सैलरी बढ़ी है या नहीं। आप कड़ी मेहनत कर रहे हैं या नहीं। उनका यह कमेंट जल्दी ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई यूजर्स ने जियाकी की बात से उन लोगों को ठेस पहुंची है जो बदहाल इकॉनमी में दो जून की रोटी कमाने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं।सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक यूजर ने देश की माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Weibo पर लिखा, 'हम हर महीने 3000 युआन (411 डॉलर) कमाने के लिए जीतोड़ मेहनत करते हैं। सेलिब्रिटीज के लिए पैसा बनाना आसान है। हम भी चाहते हैं कि हमें अच्छी नौकरी और पैसा मिले।' एक अन्य यूजर ने लिखा कि पूंजीवादी बनना अलग बात है। आप भूल गए हैं कि आप कैसे यहां तक पहुंचे हैं। इससे जियाकी को लोगों से माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उनकी बात से हर किसी को ठेस पहुंची है। जियाकी ने कहा, 'मैं जानता हूं कि हर किसी के लिए काम करना आसान नहीं है। मैंने जो कुछ कहा, उससे लोगों को ठेस पहुंची है। मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।'











