भोपाल। एयरपोर्ट अथारिटी के तमाम प्रयासों के बावजूद इस विंटर सीजन में भोपाल से नई उड़ानें शुरू होने की उम्मीद कम है। इंडिगो ने इस माह प्रस्तावित पुणे, कोलकाता उड़ान का स्लाट भी वापस ले लिया है। अब यह उड़ान दीपावली के बाद ही प्रारंभ होने की संभावना है। एयरपोर्ट अथारिटी लंबे समय से राजधानी से एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने का प्रयास कर रही है। यही वजह है कि भोपाल का राजाभोज विमानतल देश के घरेलू हवाई अड्डों में नंबर एक पर आ गया।
यात्रियों हुए निराश
ताजा कस्टमर सेटिस्फेकशन सर्वे में भोपाल को यात्रियों ने ही नंबर एक पर पहुंचाया लेकिन उड़ानों की संख्या नहीं बढ़ पा रही है। हाल ही में इंडिगो ने पुणे एवं कोलकाता तक सीधी उड़ान का स्लाट लिया। यह उड़ान आठ अक्टूबर से प्रारंभ होने वाली थी लेकिन कंपनी ने कदम पीछे खींच लिए हैं। शेड्यूल जारी होने की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों के लिए यह निराशा भरी खबर है कि कंपनी ने स्लाट ही वापस कर दिया है। 29 अक्टूबर से लागू हो रहे विंटर शेड्यूल में एक भी नई उड़ान नहीं होगी।
एयर इंडिया की उड़ानें
नए साल में एयर इंडिया ने पिछले साल अपनी दिल्ली, पुणे उड़ान अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की थी लेकिन यात्री यह मान चुके हैं कि उड़ान स्थायी रूप से बंद हो चुकी है। कंपनी से विंटर शेड्यूल में इस उड़ान के साथ ही दिल्ली एवं मुंबई तक अतिरिक्त उड़ान की भी उम्मीद थी पर फिलहाल यात्रियों के साथ एयरपोर्ट अथारिटी को भी निराशा हासिल हुई है। विंटर सीजन में इंडिगो की एक साप्ताहिक दिल्ली उड़ान शुरू होने की संभावना है पर इसका भी शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। कुछ उड़ानों के समय में मामूली परिवर्तन का प्रस्ताव है।











