मां-बाप की छांव छोड़ी, और लिव-इन में मौत मिल गई !

मां-बाप की छांव छोड़ी, और लिव-इन में मौत मिल गई !
वो छोटी सी गुड़िया, जिसे मां-बाप ने गोद में खिलाया था, लोरी सुनाकर सुलाया था… आज बड़ी हो गई। लेकिन उसके साथ बड़ी हो गई उसकी गलतफहमियां भी — कि अब उसे किसी की राय की ज़रूरत नहीं। मां-बाप जिन्होंने उसे चलना सिखाया, रात-रात जागकर उसे पाला, अपने सपनों की बलि देकर उसके लिए ज़िंदगी सजाई… आज वही मां-बाप पीछे छूट गए हैं। और सामने है एक रिश्ता, जो प्यार की आड़ में लापरवाही, ज़िद और खतरनाक अंजाम लेकर आया। भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गायत्री नगर, करारिया फार्म स्थित मकान नंबर 34 में सचिन राजपूत नामक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर रितिका सेन की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के समय वह नशे में था। हत्या के बाद उसने रितिका की लाश को चादर में लपेटा और मौके से फरार हो गया। जब नशा उतरा, तो उसने अपने दोस्त को पूरी घटना बताई। दोस्त ने इंसानियत दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों कुछ समय से लिव-इन में रह रहे थे। इस घटना ने समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या लिव-इन में प्यार की जगह शक और सनक ने ले ली है? क्या आज़ादी के नाम पर लिए गए फैसले, मां-बाप जैसे अटूट रिश्तों से भी ज़्यादा अहम हो गए हैं? जिन मां-बाप ने तुम्हें नंगे पांव चलते देखा और जूते पहनाए, आज तुम उन्हीं को छोड़कर भाग जाने की सोच रहे हो ? 

घर से भाग जाना, जल्दीबाज़ी में शादी करना, बिना सोच-समझ के रिश्ते बनाना — ये बहादुरी नहीं, ये नादानी है। याद रखो, जब पूरी दुनिया तुम्हें ठुकरा देगी, तब भी जो लोग दरवाज़ा खोलकर खड़े मिलेंगे, वो तुम्हारे मां-बाप ही होंगे। अगर आज तुमने उन्हें आंसुओं में डुबो दिया, तो कल उनका साया भी नहीं मिलेगा। उनकी माफी मिल सकती है, पर उनकी मौजूदगी नहीं।  रितिका अब इस दुनिया में नहीं है। लेकिन उसका जाना एक ज़िंदा सवाल छोड़ गया है — क्या उसने कभी पीछे मुड़कर देखा कि जिन हाथों ने उसे संभाला था, वो आज भी उसके लिए खुले खड़े थे? प्यार करना गुनाह नहीं है, लेकिन उस प्यार में मां-बाप को ठुकरा देना सबसे बड़ा गुनाह है। उनका प्यार वो दरवाज़ा है जो दुनिया के हर मोड़ पर तुम्हारे लिए खुला मिलेगा — लेकिन अगर आज तुमने उसे बंद कर दिया… तो कल वो दरवाज़ा भी नहीं मिलेगा।
Advertisement