MP छोड़, यूपी के झांसी से पेट्रोल-डीजल खरीद रहा ग्वालियर नगर निगम, जानें कितना सस्ता है यहां फ्यूल, करोड़ों की होगी बचत

MP छोड़, यूपी के झांसी से पेट्रोल-डीजल खरीद रहा ग्वालियर नगर निगम, जानें कितना सस्ता है यहां फ्यूल, करोड़ों की होगी बचत
ग्वालियर: टैक्स बचाने के लिए शहर के नगर निगम ने अनोखा तरीका निकाला है। इस तरीके की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है। दरअसल, ग्वालियर निगम अब डीजल-पेट्रोल उत्तर प्रदेश के झांसी से खरीदेगा। अनुमान लगाया गया है कि इससे निगम को सालाना 1.20 करोड़ रुपये की बचत होगी।

11 नवंबर को हुई निगम परिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में कांग्रेस और बीजेपी, दोनों ही दलों के पार्षदों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

क्या है वजह

आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश की तुलना में उत्तर प्रदेश में डीजल-पेट्रोल पर वैट और सेस काफी कम है। मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल इन्हीं वैट और सेस की वजह से यूपी से काफी महंगा मिलता है। इसी को देखते हुए ग्वालियर नगर निगम ने झांसी से फ्यूल खरीदने का फैसला किया है। निगम का मानना है कि इससे उसकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

झांसी के इंडियन ऑयल कॉर्पॉरेशन से खरीदा फ्यूल


ग्वालियर नगर निगम ने पिछले 4-6 महीनों से 2 लाख किलो लीटर डीजल-पेट्रोल झांसी से खरीदना शुरू भी कर दिया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के झांसी डिपो से इसे खरीदा जा रहा है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी


हालांकि, कांग्रेस ने इस फैसले का विरोध किया है। कांग्रेस का कहना है कि इससे राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान होगा। पार्टी ने इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने कहा, 'यह साफ हो गया है कि प्रदेश की बीजेपी सरकार ने वैट बहुत ज्यादा बढ़ा दिया है।' उन्होंने मांग की है कि आम लोगों को भी उत्तर प्रदेश से डीजल-पेट्रोल खरीदने की छूट दी जाए।

ग्वालियर से पहले भोपाल नगर निगम खरीद चुका फ्यूल


यह पहली बार नहीं है जब किसी नगर निगम ने ईंधन पर टैक्स बचाने के लिए दूसरे राज्य से खरीद की हो। इससे पहले भोपाल नगर निगम भी कुछ मौकों पर उत्तर प्रदेश के ललितपुर से डीजल खरीद चुका है।

नगर निगम के कमिश्नर क्या बोले


नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव ने बताया, 'यह प्रस्ताव पूर्व आयुक्त के समय परिषद को भेजा गया था। अब निगम परिषद ने इस पर फैसला लिया है। इससे निगम की माली हालत सुधरेगी।'

कांग्रेस की हैं मेयर


गौरतलब है कि इस समय ग्वालियर नगर निगम में 66 पार्षद हैं। इनमें से 24 कांग्रेस के और 42 बीजेपी के हैं। महापौर डॉ. शोभा सिकरवार कांग्रेस से हैं।
Advertisement