बीजेपी ने कहा वजह कहीं ना कहीं गहलोत की हताशा
गहलोत के बयान को लेकर राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी तंज कसा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया पर अंगुली उठाने का कारण कहीं ना कहीं उनकी हताशा है। जोशी ने कहा 'मैं सोचता हूं कि न्यायिक प्रक्रिया पर अंगुली उठाने का कारण कहीं ना कहीं उनकी बड़ी हताशा है। मुख्यमंत्री जी (अशोक गहलोत), आपको किसी के ऊपर पर विश्वास नहीं है तो अब राजस्थान की जनता को भी आपके ऊपर विश्वास नहीं है।' उन्होंने यह भी कहा, 'मुझे लगता है कि इस प्रकार के बयान लोकतंत्र में खासकर इतने बड़े पद पर बैठे किसी नेता को शोभा नहीं देता।'
बुधवार को क्या कहा था अशोक गहलोत ने?
गहलोत ने बुधवार को कहा था कि 'न्यायपालिका में भ्रष्टाचार व्याप्त है। मैंने सुना है कि कुछ वकील खुद ही फैसला लिखकर लाते हैं और वही फैसला सुनाया जाता है।' गहलोत ने यह भी कहा कि 'न्यायपालिका में क्या हो रहा है? चाहे निचली हो या ऊपरी (अदालतें), चीजें गंभीर हैं और लोगों को इसके बारे में सोचना चाहिए।'
गुरुवार को दी सफाई, कहा मैंने हमेशा न्यायपालिका का सम्मान किया है
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने न्यायपालिका में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाने के एक दिन बाद गुरुवार को कहा कि उन्होंने हमेशा न्यायपालिका का सम्मान एवं उस पर विश्वास किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कल मैंने ज्यूडिशियरी के करप्शन को लेकर जो कहा वो मेरी निजी राय नहीं हैं। मैंने हमेशा ज्यूडिशियरी का सम्मान एवं उस पर विश्वास किया है। समय-समय पर सुप्रीम कोर्ट के अनेकों रिटायर्ड न्यायाधीशों व रिटायर्ड मुख्य न्यायाधीशों तक ने ज्यूडिशियरी में भ्रष्टाचार पर टिप्पणयां की हैं एवं उस पर चिंता व्यक्त की है। मेरा न्यायपालिका पर इतना विश्वास है कि मुख्यमंत्री के रूप में जजों की नियुक्ति हेतु हाईकोर्ट कॉलेजियम के जो नाम हमारे पास टिप्पणी के लिए आते हैं, मैंने उन पर भी कभी कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं की है। मेरा स्पष्ट मानना है कि हर नागरिक को न्यायपालिका का सम्मान करना चाहिए और ज्यूडिशियरी पर विश्वास करना चाहिए। इससे लोकतंत्र मजबूत होगा।'











