भारत और मालदीव के बीच चल रहे विवाद का फायदा लक्षद्वीप से जुड़े स्टॉक 'प्रवेग' में देखने को मिल रहा है। टूरिस्ट प्लेस में लग्जरी रिसॉर्ट चलाने वाली कंपनी प्रवेग के शेयर ने 8 जनवरी को 20% की तेजी के साथ ₹1,037.50 के स्तर पर 52 वीक का हाई बनाया। हालांकि, दिनभर कारोबार के बाद शेयर थोड़ा नीचे आया और 17.51% की तेजी के साथ ₹1,015.95 के स्तर पर बंद हुआ।
इसी बीच ट्रैवल कंपनी मेक माय ट्रिप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद उनके प्लेटफार्म पर लक्षद्वीप के बारे में सर्च 3400% बढ़ गई है। इसी को देखते हुए मेक माय ट्रिप ने 'बीचेस ऑफ इंडिया' कैंपेन शुरू किया। वहीं, EaseMyTrip ने मालदीव की सभी फ्लाइट्स बुकिंग सस्पेंड कर दी है।
पिछले महीने प्रवेग को मिला था अगत्ती आइलैंड के डेवलपमेंट, मेंटेनेंस और मैनेजमेंट का काम
कच्छ के रण जैसे टूरिस्ट प्लेस में लग्जरी रिसॉर्ट चलाने वाली कंपनी प्रवेग को पिछले महीने सरकार ने लक्षद्वीप के अगत्ती आइलैंड में 50 से अधिक टैंट के डेवलपमेंट, मेंटेनेंस और मैनेजमेंट का काम दिया था। प्रवेग लक्षद्वीप के रिसॉर्ट्स के मेंटेनेंस, स्कूबा डाइविंग, डेस्टिनेशन वेडिंग, कॉर्पोरेट फंक्शन जैसे अन्य बिजनेस एक्टिविटीज की पेशकश करेगी। प्रवेग को तीन साल के लिए लक्षद्वीप का काम दिया गया है, जिसे 2 साल तक बढ़ाया जा सकता है।
EaseMyTrip ने मालदीव की सभी फ्लाइट्स बुकिंग सस्पेंड कीं
EaseMyTrip ने मालदीव की सभी फ्लाइट्स बुकिंग सस्पेंड कर दी। रविवार देर रात EaseMyTrip के को-फाउंडर निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी दी। निशांत पिट्टी ने कहा,'पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा पर मालदीव के सांसद की पोस्ट पर विवाद के बीच, हमने फैसला किया है कि हम मालदीव के लिए कोई बुकिंग एक्सेप्ट नहीं करेंगे।
हमारे देश से 3 लाख लोग हर साल मालदीव जाते थे, अब वह EaseMyTrip पर यह फैसिलिटी अवेल नहीं कर पाएंगे।' निशांत ने यह भी कहा कि लक्षद्वीप में टूरिस्ट को बढ़ावा देने के लिए हमने अपने प्लेटफार्म पर 5 नए पैकेज भी शुरू किए हैं।' आज EaseMyTrip के शेयर में भी 4.71% की तेजी देखने को मिली, जो स्टॉक एक्सचेंज में इजी ट्रिप प्लानर्स लिमिटेड के नाम से लिस्ट है।
कैसे शुरू हुआ विवाद
PM मोदी ने 4 जनवरी को लक्षद्वीप दौरे का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें खूबसूरती के लिहाज से लक्षद्वीप अब मालदीव को टक्कर देता नजर आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे कि लाखों रुपए खर्च कर मालदीव जाने से बेहतर है कि लक्षद्वीप जाएं।
इससे मालदीव के मंत्री और नेता नाराज नजर आए। उनके आपत्तिजनक पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भारतीयों और मालदीव के नागरिकों के बीच जंग छिड़ गई। भारत के लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि देश में हैशटैग BoycottMaldives ट्रेंड करने लगा।
लोग मालदीव का जमकर विरोध करने लगे। लोगों का कहना है कि PM मोदी के लक्षद्वीप दौरे से मालदीव के टूरिज्म को तगड़ा झटका जरूर लगने वाला है। दूसरी तरफ नेटीजन्स भारत के टूरिज्म सेक्टर को #ExploreIndianIsland से सपोर्ट करने लगे।
मालदीव की मंत्री ने PM मोदी को आपत्तिजनक शब्द कहे
मंत्री मरियम शिउना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में PM मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। वहीं, नेता जाहिद रमीज लिखा कि भारत सर्विस के मामले में हमारा मुकाबला नहीं कर सकता। मरियम यूथ एम्पावरमेंट, इन्फॉर्मेशन एंड आर्ट की डिप्टी मिनिस्टर थीं।
उनकी इस पोस्ट पर मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने कहा- शिउना ने गलत शब्द कहे हैं। ये बात मालदीव की सुरक्षा और समृद्धि को खतरे में डाल सकती है। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की सरकार को ऐसी टिप्पणियों से दूरी बनानी चाहिए।मालदीव के नेता ने लिखा- वहां सफाई नहीं, कमरों से बदबू आती है
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने PM मोदी का लक्षद्वीप वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा- बढ़िया कदम है! यह मालदीव की नई सरकार के लिए एक बड़ा झटका है, जो चीन की कठपुतली है। इस दौरे के बाद लक्षद्वीप में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके जवाब में PPM के नेता जाहिद रमीज ने लिखा- बेशक यह अच्छा कदम है, लेकिन भारत कभी हमारी बराबरी नहीं कर सकता। मालदीव पर्यटकों को जो सर्विस देता है, वो भारत कैसे देगा। वो इतनी सफाई कैसे रख पाएंगे, जितनी हम रखते हैं। उनके कमरों में आने वाली बदबू टूरिस्टों के लिए सबसे बड़ी दिक्कत होगी।
लक्षद्वीप तक कैसे पहुंचें?
लक्षद्वीप तक कोच्चि से ऑपरेट होने वाले शिप्स और फ्लाइट्स से पहुंचा जा सकता है। यहां पहुंचने के लिए अगत्ती आइलैंड में एयर स्ट्रिप है। अगत्ती से अक्टूबर से मई के दौरान कवरत्ती और कदमत के लिए नावें उपलब्ध रहती हैं। मानसून के मौसम में अगत्ती से कवरत्ती तक हेलीकॉप्टर उपलब्ध रहता है। कोच्चि से अगत्ती तक की उड़ान में लगभग एक घंटा तीस मिनट का समय लगता है।
सात पैसेंजर शिप - MV कवरत्ती, MV अरेबियन सी, MV लक्षद्वीप सागर, MV लैगून, MV कोरल, MV अमीनदीवी और MV मिनिकॉय कोचीन और लक्षद्वीप आइलैंड के बीच संचालित होते हैं। यात्रा के लिए चुने गए आइलैंड के आधार पर यात्रा में 14 से 18 घंटे लगते हैं। फेयर सीजन के दौरान, द्वीपों के बीच हाई स्पीड शिप्स चलते हैं।











