भोपाल। गोवा में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय खेलों में मप्र का शानदार प्रदर्शन जारी है। मप्र ने एक स्वर्ण, एक रजत व दो कांस्य सहित कुल चार पदक जीते। इस तरह मप्र अब तक चार स्वर्ण, 19 रजत व 11 कांस्य सहित कुल 34 पदक जीत है। इसी के साथ मप्र पदक तालिका में नौवें स्थान पर मौजूद है।
महिला वर्ग के ईपी टीम इवेंट में मप्र की खुशी दभाड़े, अंजली बाथरे, प्रज्ञा सिंह व पूजा दांगी की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता है। यह चारों खिलाड़ी मप्र राज्य फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ी है। यह मुख्य कोच भूपेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। इसके अलावा मप्र ने पेंचक सिलाट में मप्र के खिलाडि़यों ने भी जोरदार प्रदर्शन किया है। टेंडिंग फाइट पुरुष वर्ग में मप्र के महेंद्र स्वामी ने 75-90 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसी इवेंट में मप्र के आसिफ अली ने रजत तथा महिला वर्ग में प्रांजल बुडानिया ने कांस्य पदक जीता।
स्नूकर बिलियर्ड में मप्र की इशिका शाह ने महिला वर्ग सिक्स रेड स्नूकर ग्रुप लीग में टाप किया, पुरुष वर्ग में मप्र के रितिक जैन और पीयूष कुशवाह की जोड़ी ने तेलंगाना की जोड़ी को हराया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमी कमानी ने 15 रेड स्नूकर में ग्रुप में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि गोवा राष्ट्रीय खेल में मध्यप्रदेश के 424 खिलाड़ी 35 खेलों में भाग ले रहे है।











