प्रदेशाध्यक्ष बनने के दूसरे दिन गुरुवार को हेमंत खंडेलवाल महाकाल के दर्शन करने के लिए उज्जैन पहुंचे। उन्होंने महाकाल मंदिर में विशेष पूजा की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ, सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद थे।
भाजपा में नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी में बदलाव होगा। मोर्चा संगठनों को भी नए सिरे से गठित किया जाएगा। नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपनी नई टीम बनाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, नई टीम में ज्यादातर चेहरे बदल जाएंगे। मोर्चा संगठनों में भी बदलाव की तैयारी है।
गौरतलब है कि मौजूदा चार मोर्चा ऐसे हैं, जिनमें अध्यक्षों के पास दोहरी जिम्मेदारी होने के कारण वे अब संगठन में वक्त नहीं दे पा रहे हैं। इनमें ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष और उद्यानिकी व सामाजिक न्याय मंत्री नारायण कुशवाह, महिला मोर्चा की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, किसान मोर्चा के अध्यक्ष और होशंगाबाद से सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नाम शामिल हैं।
युवा मोर्चा अध्यक्ष वैभव पवार भी कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। खंडेलवाल संभवतः 5 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ दिल्ली जा सकते हैं। वे दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह, राजनाथ सिंह आदि से मुलाकात करेंगे।











