शराब घोटाला केस में ED की तरफ से समन मिलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि घोटाला हुआ ही नहीं है। वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि अगर घोटाला होता तो वह पैसा कहां गया।
केजरीवाल ने कहा कि हमारे नेताओं को एक-एक करके गिरफ्तार किया जा रहा है। भाजपा मुझे भी गिरफ्तार करना चाहती है। मेरी सबसे बड़ी ताकत ईमानदारी है। इनका मकसद जांच करना नहीं है, बल्कि लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना है।
ED के तीन समन के बाद भी पेश नहीं हुए केजरीवाल
दिल्ली शराब नीति केस में ED ने केजरीवाल को तीसरी बार समन भेज कर पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, केजरीवाल पेश नहीं हुए। उनकी तरफ से 5 पन्नों के ED को कहा गया कि वे राज्यसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस की तैयारियों में व्यस्त हैं। उनसे जो भी पूछना हो लिखित में भेज दें।
इसके पहले ED ने 2 नवंबर और 21 दिसंबर को उन्हें पेश होने को कहा था। तब, केजरीवाल ने इन दोनों समन को गैरकानूनी और राजनीति से प्रेरित बताया और ED के सामने पेश हाेने से इनकार कर दिया। 21 दिसंबर का समन मिलने के बाद केजरीवाल 10 दिन के विपश्यना के लिए पंजाब के होशियारपुर चले गए थे।
ED को गिरफ्तारी का अधिकार, केजरीवाल कोर्ट जा सकते हैं
कानून के जानकारों के अनुसार, सीएम केजरीवाल के बार-बार पेश नहीं होने पर ED उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी कर सकती है। उसके बाद भी पेश नहीं होने पर धारा 45 के तहत गैर जमानती वारंट जारी कर सकती है।
PMLA के जानकार बताते हैं कि पेश नहीं हो पाने की ठोस वजह बताई जाती है तो ED समय दे सकती है। फिर दोबारा नोटिस जारी करती है। PMLA एक्ट में नोटिस की बार-बार अवहेलना पर गिरफ्तारी हो सकती है।
अगर सीएम केजरीवाल आगे पेश नहीं होते हैं तो जांच अधिकारी आवास पर जाकर पूछताछ कर सकते हैं। ठोस सबूत होने पर या सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गिरफ्तार कर सकते हैं।
वहीं, केजरीवाल वारंट जारी होने के बाद कोर्ट जा सकते हैं और अपने एडवोकेट की मौजूदगी में जांच में सहयोग करने का वादा कर सकते हैं। इस पर कोर्ट ईडी को उन्हें गिरफ्तार नहीं करने का निर्देश दे सकती है।
आतिशी ने कहा था- आज केजरीवाल गिरफ्तार हो सकते हैं
इससे पहले दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने बुधवार (3 जनवरी) देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था- खबर आ रही है कि अरविंद केजरीवाल के आवास पर कल सुबह ED की रेड पड़ेगी। गिरफ्तारी की संभावना भी है। सौरभ भारद्वाज ने लिखा- कल सुबह CM केजरीवाल के घर ED उन्हें गिरफ्तार करने वाली है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक ED केजरीवाल के 5 पन्नों के जवाब की जांच कर रही है। एजेंसी उन्हें चौथा समन भेज सकती है। इधर, ED और अपने बीच चल रहे पूरे मामले पर केजरीवाल दोपहर 12 प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
इस बीच AAP के सूत्रों के मुताबिक अरविंद केजरीवाल 6 जनवरी को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 3 दिन के गुजरात दौरे पर रवाना हो रहे है। इस दौरान वे जनसभाएं करेंगे। वे जेल में बंद आप नेता चैतर वसावा से मुलाकात कर सकते हैं।











