कर्नाटक कांग्रेस का चलो दिल्ली आंदोलन सिद्धारमैया जंतर-मंतर पर मौजूद

कर्नाटक कांग्रेस का चलो दिल्ली आंदोलन सिद्धारमैया जंतर-मंतर पर मौजूद

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज (7 फरवरी) दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें सरकार के कई मंत्री-विधायक मौजूद हैं।

कर्नाटक आरोप है कि केंद्र सरकार हमें न तो टैक्स का हिस्सा दे रही है और न ही आर्थिक मदद। इस प्रदर्शन को चलो दिल्ली नाम दिया गया है।

कर्नाटक के अलावा केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना भी केंद्र सरकार पर फंड्स के बंटवारे में भेदभाव का आरोप लगा चुके हैं।

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि हम अपना अधिकार चाहते हैं। हमें सिर्फ 13% मिल रहा है। मुझे नहीं पता कि हमें क्या मिलना चाहिए। अन्य राज्यों को कितना हिस्सा मिलता है, मुझे इससे भी मतलब नहीं है। केंद्र सरकार गुजरात के लिए जो नीतियां, हिस्सा देती है, उन्हें (केंद्र) हमें भी वही देना चाहिए।

कर्नाटक के भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा सांसदों का आरोप है कि कर्नाटक सरकार ने फंड्स का दुरुपयोग किया।

कर्नाटक के कांग्रेस विधायक और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियंक खड़गे ने कहा कि कन्नड़ (कन्नाडिगा) लोगों के हितों के लिए हम दिल्ली में प्रदर्शन के लिए जुटे हैं। हमें केंद्र से टैक्स का हिस्सा, सूखा राहत राशि नहीं दी जा रही।

कर्नाटक सीएम के मुताबिक, 15वें फाइनेंस कमीशन के लागू होने के बाद केंद्र की तरफ से मिलने वाले टैक्स शेयर में कर्नाटक की हिस्सेदारी 4.17% से घटकर 3.64% रह गई। इसकी वजह से राज्य को टैक्स में 62,098 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, केंद्र सरकार के वित्तीय अन्याय के खिलाफ चलो दिल्ली मूवमेंट शुरू कर रहे हैं। कल सुबह 11 बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पर हम कर्नाटक को मिलने वाले टैक्स शेयर और फंड के बंटवारे में हो रहे भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाएंगे। ये मूवमेंट भाजपा के खिलाफ नहीं है, बल्कि कर्नाटक के लोगों के भले के लिए शुरू किया जा रहा है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि आप चाहे किसी भी पार्टी के हों, आप धरनी सत्याग्रह में भाग लें।

शिवकुमार बोले- भाजपा की डबल इंजन सरकार ने बजट में हमारे साथ अन्याय किया

कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा डबल इंजन की सरकार कहने वाली भाजपा ने पहले भी राज्य को सही अनुदान नहीं दिया। जब हमारी सरकार आई तो हमने धैर्यपूर्वक इंतजार किया, लेकिन इस बार भी बजट में हमारे साथ अन्याय हुआ है। हम केंद्र सरकार को सहयोग दे रहे हैं, लेकिन केंद्र की तरफ से हमारे साथ लगातार गलत व्यवहार किया जा रहा है। कोरोना के दौरान भी हमें उचित राहत नहीं मिली, भारी बारिश के दौरान भी हमें अनुदान नहीं मिला। भद्रा मेलडांडे परियोजना के लिए 5300 करोड़ नहीं दिए गए।

सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदर्शन के बारे में बताया था

सिद्धारमैया ने मंगलवार 6 फरवरी को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 7 फरवरी को सभी मंत्री, दोनों सदनों के विधायक, सांसद केंद्र सरकार के 15वें फाइनेंस कमीशन की वजह से कर्नाटक पर हो रहे अन्याय के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा भी कई मसले हैं, जिनके खिलाफ कर्नाटक सरकार प्रदर्शन करेगी, जैसे कि केंद्र सरकार की तरफ से कर्नाटक को पर्याप्त फंड्स भी मुहैया नहीं किए जा रहे हैं।


Advertisement